बारिश के बीच सड़क पर गिरा वर्षों पुराना पेड़, युवक घायल ।
आजाद नगर में पेड़ गिरने से मची अफरा-तफरी, स्थानीय लोगों ने तत्परता दिखाकर घायल को पहुंचाया सीएचसी ।
ब्यूरो चीफ – दिलशाद अहमद
आज का भारत लाइव
रिसिया – बहराइच।
पिछले कई घंटों से लगातार हो रही बारिश के बीच शुक्रवार को रिसिया नगर पंचायत के आजाद नगर वार्ड में वर्षों पुराना पेड़ अचानक सड़क पर गिर गया। पेड़ की चपेट में आने से एक युवक घायल हो गया। अचानक पेड़ गिरने से आसपास के लोगों में अफरा-तफरी मच गई।

पेड़ सड़क पर गिरने से आवागमन बाधित हो गया। हादसे के तुरंत बाद मौके पर मौजूद मोहल्ले के लोगों ने घायल युवक को पेड़ के पास से निकालकर प्राथमिक उपचार के लिए सामुदायिक स्वास्थ्य केंद्र (सीएचसी) रिसिया पहुंचाया। चिकित्सकों ने घायल का उपचार किया।

लगातार बारिश से बढ़ी परेशानी –
पिछले कई घंटों से हो रही लगातार बारिश के कारण नगर क्षेत्र में पहले से ही कई स्थानों पर जलभराव की स्थिति बनी हुई है। इसी बीच सड़क पर पुराना पेड़ गिरने से लोगों की परेशानी और बढ़ गई। स्थानीय लोगों ने बताया कि बारिश और तेज हवा के दौरान पुराने व कमजोर पेड़ों से हादसे का खतरा बना रहता है।
लोगों ने संबंधित विभाग से नगर क्षेत्र में सड़क किनारे खड़े पुराने और कमजोर पेड़ों का निरीक्षण कर आवश्यक कार्रवाई कराने की मांग की है, ताकि भविष्य में इस तरह की घटनाओं को रोका जा सके।
स्थानीय लोगों ने दिखाई तत्परता –
हादसे के बाद मौके पर मौजूद सभासद प्रतिनिधि फरहद, वकील अहमद, मोहम्मद कैफ, सब्बू, जाना, खुर्शेद, एजाज और साहिल सलमानी समेत अन्य स्थानीय लोगों ने तत्काल घायल युवक की मदद की। लोगों ने घायल को सड़क से उठाकर सीएचसी रिसिया पहुंचाया। स्थानीय लोगों की तत्परता से घायल को समय पर उपचार मिल सका।
