संतकबीर नगर – गलत खाते में चले गए थे ₹1.39 लाख, बखिरा पुलिस की तत्परता से पीड़ित को मिली बड़ी राहत!
संतकबीर नगर :-
उत्तर प्रदेश के संतकबीरनगर में पुलिस की मुस्तैदी और ‘क्रैक साइबर क्राइम’ अभियान का बड़ा असर देखने को मिला है। गलती से किसी अज्ञात व्यक्ति के खाते में ट्रांसफर हुए ₹1,39,000 की पूरी रकम को थाना बखिरा की साइबर सेल टीम ने सुरक्षित वापस करा दिया है। पुलिस की इस त्वरित कार्रवाई से पीड़ित के चेहरे पर मुस्कान लौट आई है।
क्या है पूरा मामला ?
मामला संतकबीरनगर के थाना बखिरा क्षेत्र का है। निवासी सत्य प्रकाश त्रिपाठी (पुत्र घनश्याम त्रिपाठी) से गत 17 जुलाई 2026 को डिजिटल भुगतान करते समय एक बड़ी चूक हो गई। गलती से उनके ₹1.39 लाख किसी अज्ञात व्यक्ति के बैंक खाते में ट्रांसफर हो गए। जब तक उन्हें इस भूल का अहसास हुआ, रकम दूसरे खाते में जा चुकी थी।
हेल्पलाइन 1930 और पुलिस की त्वरित कार्रवाई-
गाढ़ी कमाई के डूबने की आशंका से परेशान सत्य प्रकाश त्रिपाठी ने बिना समय गंवाए नेशनल साइबर क्राइम हेल्पलाइन 1930 पर कॉल की और थाना बखिरा में गुहार लगाई।
मामले की गंभीरता को देखते हुए पुलिस अधीक्षक संदीप कुमार मीना के निर्देशन में बखिरा थाना की साइबर हेल्प डेस्क पर तैनात महिला आरक्षी सुमन कुमारी ने तत्परता दिखाई। उन्होंने तत्काल राष्ट्रीय साइबर अपराध रिपोर्टिंग पोर्टल (NCRP) पर शिकायत (संख्या: 33107260172523) दर्ज की। इसके बाद बैंक और संबंधित अथॉरिटी से प्रभावी पैरवी कर पूरे ₹1,39,000 की राशि पीड़ित के खाते में वापस रिफंड करवा दी गई।
सफलता पाने वाली टीम:-
थानाध्यक्ष उमाशंकर त्रिपाठी, वरिष्ठ उप-निरीक्षक श्री राजेश कुमार, महिला आरक्षी सुमन कुमारी, महिला आरक्षी अनामिका सिंह और आरक्षी चंद्रभान सिंह।
संत कबीर नगर पुलिस की सतर्कता अपील:-
“किसी भी अनजान कॉल, लुभावने ऑफर या ब्लैकमेलिंग के झांसे में न आएं। यदि आपके साथ कोई साइबर धोखाधड़ी या गलत ट्रांजैक्शन होता है, तो बिना देरी किए तत्काल हेल्पलाइन नंबर 1930 पर कॉल करें या Cybercrime.gov.in पर अपनी शिकायत दर्ज कराएं।”
