प्रभा देवी पीजी कॉलेज में हुआ प्रखंड स्तरीय युवा संवाद एवं संसद कार्यक्रम आयोजित ।
राष्ट्रीय एकता दिवस पर सरदार पटेल को नमन; यूथ आइकॉन प्रदीप सिंह सिसोदिया ने युवाओं को मतदान, SIR और नशामुक्ति के लिए किया प्रेरित।
खलीलाबाद – संत कबीर नगर ।
जिला युवा अधिकारी के निर्देशन में शुक्रवार, 31 अक्टूबर 2026 को प्रभा देवी पीजी कॉलेज, खलीलाबाद के प्रांगण में युवा एवं खेल मंत्रालय के तत्वावधान में भव्य प्रखंड स्तरीय युवा संवाद एवं संसद कार्यक्रम का आयोजन किया गया। इसके साथ ही कार्यक्रम में विशेष गहन पुनरीक्षण (SIR) और नशा मुक्ति जागरूकता अभियान को लेकर भी विशेष सत्र आयोजित किए गए।
कार्यक्रम का विधिवत शुभारंभ देश के लौह पुरुष सरदार वल्लभभाई पटेल जी की जयंती (राष्ट्रीय एकता दिवस) के अवसर पर उनके चित्र पर माल्यार्पण एवं दीप प्रज्ज्वलित कर किया गया। इस दौरान पूरा प्रांगण राष्ट्रीय एकता के नारों से गूंज उठा।

यूथ आइकॉन प्रदीप सिंह सिसोदिया का ओजस्वी संबोधन –
कार्यक्रम में मुख्य अतिथि के रूप में आमंत्रित प्रसिद्ध यूथ आइकॉन प्रदीप सिंह सिसोदिया ने युवाओं को संबोधित करते हुए राष्ट्र निर्माण में उनकी भूमिका पर विस्तार से चर्चा की। उन्होंने युवाओं को अपने लोकतांत्रिक अधिकारों के प्रति सजग रहने, मताधिकार का बढ़-चढ़कर उपयोग करने तथा SIR प्रक्रिया की जानकारी से अपडेट रहने का आह्वान किया। कार्यक्रम की अध्यक्षता महाविद्यालय के प्रधानाचार्य डॉ. प्रमोद कुमार त्रिपाठी ने की।

विशिष्ट अतिथियों की गरिमामयी उपस्थिति –
इस अवसर पर जिला क्रीड़ा अधिकारी अभिज्ञान मालवीय एवं जिला खेल संघ के सचिव रमेश यादव विशिष्ट अतिथि के रूप में उपस्थित रहे। अतिथियों ने खेलकूद, अनुशासन और सामाजिक जागरूकता के माध्यम से युवाओं को सशक्त बनाने पर जोर दिया।

नशामुक्त समाज निर्माण और लोकतांत्रिक सहभागिता का संदेश –
कार्यक्रम का मुख्य उद्देश्य युवाओं को नशे के दुष्प्रभावों से अवगत कराकर एक स्वस्थ और नशामुक्त समाज के निर्माण के लिए प्रेरित करना रहा। साथ ही, राष्ट्र की एकता और अखंडता को बनाए रखने का संकल्प लिया गया।

‘मेरा युवा भारत’ संगठन से जुड़े सुधांशु त्रिपाठी, अनुभव त्रिपाठी, रविशंकर सिंह, अजय कुमार, अवनीश मिश्रा, प्रिन्स त्रिपाठी एवं योगेंद्र यादव के साथ-साथ महाविद्यालय के सैकड़ों छात्र-छात्राओं ने कार्यक्रम में उत्साहपूर्वक सहभागिता की।

