बाहर से आए परीक्षार्थियों के लिए पालिका बनी मददगार, छात्राओं के लिए अलग इंतजाम !
पीईटी परीक्षार्थियों की मदद को आगे आई नगर पालिका, 426 अभ्यर्थियों के ठहरने की कराई व्यवस्था !
रात डेढ़ बजे तक चला इंतजाम, छात्राओं और महिलाओं के लिए अलग से की गई व्यवस्था !
ब्यूरो चीफ – दिलशाद अहमद
आज का भारत लाइव
रिसिया/बहराइच।
जनपद बहराइच में 30 अक्टूबर को आयोजित पीईटी परीक्षा में शामिल होने के लिए दूर-दराज के जनपदों से बड़ी संख्या में परीक्षार्थियों के पहुंचने को देखते हुए नगर पालिका प्रशासन ने उनके ठहरने और आवागमन की विशेष व्यवस्था की। परीक्षार्थियों को किसी प्रकार की असुविधा न हो और उन्हें सुरक्षित स्थान पर ठहरने की सुविधा मिल सके, इसके लिए प्रशासन की ओर से विशेष प्रयास किए गए।
जिलाधिकारी के निर्देश पर 29 अक्टूबर की रात रोडवेज बस स्टैंड और रेलवे स्टेशन का निरीक्षण कर बाहर से आए परीक्षार्थियों को चिह्नित किया गया। इसके बाद करीब 426 परीक्षार्थियों को ऑटो रिक्शा के माध्यम से निर्धारित आश्रय स्थलों तक पहुंचाने की व्यवस्था कराई गई। उनके ठहरने के लिए पालिका हाल और सलारगंज स्थित आश्रय स्थल में इंतजाम किए गए। वहीं छात्राओं और महिलाओं की सुविधा एवं सुरक्षा को ध्यान में रखते हुए उनके लिए अलग से ठहरने की व्यवस्था की गई।

यह पूरी व्यवस्था देर रात करीब 1:30 बजे तक जारी रही। इस दौरान अधोहस्ताक्षरी के साथ सफाई निरीक्षक सुरेश गोविन्द मिश्र, सफाई नायक फहीम खां सहित पालिका के अन्य कर्मचारी मौजूद रहे। परीक्षार्थियों के आवागमन के लिए ऑटो किराये की व्यवस्था भी अधोहस्ताक्षरी द्वारा स्वयं कराई गई।
इसके साथ ही पालिका के अन्य अधिकारियों और कर्मचारियों को परीक्षार्थियों की सुविधाओं के लिए तत्पर रहने के निर्देश दिए गए। नगर पालिका की ओर से किए गए इन प्रयासों और उपलब्ध कराई गई सुविधाओं की परीक्षार्थियों ने सराहना की।
