तेज हवाओं के झोंके से मकान की छत का हिस्सा ढहा, बाल-बाल बचे परिवार के सदस्य ।
मुंडा गांव में भोर चार बजे हुआ हादसा, घर में सो रहे थे परिवार के पांच सदस्य; कोई हताहत नहीं ।
सहजनवां/गोरखपुर।
सहजनवां ब्लॉक की ग्रामसभा मुंडा कोडरा के मुंडा गांव में शनिवार की भोर तेज हवाओं के चलते एक मकान की छत का हिस्सा भरभराकर गिर गया। हादसे के समय परिवार के सभी पांच सदस्य घर के अंदर सो रहे थे। गनीमत रही कि मलबे की चपेट में आने से कोई घायल नहीं हुआ।

जानकारी के अनुसार, गांव निवासी विनय शुक्ला पुत्र सीताराम शुक्ला के मकान की छत पर बनी सीढ़ी (जीना) का हिस्सा शनिवार सुबह करीब चार बजे अचानक तेज हवा के झोंके से ढह गया। इसके साथ ही छत का कुछ हिस्सा भी गिर गया। अचानक हुई तेज आवाज से आसपास के लोग जाग गए और मौके पर पहुंच गए।

स्थानीय ग्रामीणों के अनुसार, क्षेत्र में आए तूफान के कारण तेज हवाएं चल रही थीं। इसी दौरान हवा के तेज झोंके से मकान का हिस्सा कमजोर होकर गिर पड़ा। हादसे के समय घर में विनय शुक्ला के परिवार के कुल पांच सदस्य मौजूद थे और सभी सो रहे थे।
छत का हिस्सा गिरने से मकान को नुकसान पहुंचा है। घटना के बाद परिवार में चिंता और दुख का माहौल है। हालांकि, किसी के हताहत या घायल होने की सूचना नहीं है। ग्रामीणों ने गनीमत जताई कि हादसा उस समय हुआ जब परिवार के सदस्य सुरक्षित स्थान पर थे।
