संत कबीर नगर- धनघटा। अनियंत्रित ट्रेलर की चपेट में आने से बाइक सवार युवक की मौत !
धनघटा, संत कबीर नगर।
संत कबीर नगर जनपद के धनघटा थाना क्षेत्र के चपरा गांव स्थित पूर्वी पेट्रोल पंप के समीप सोमवार की शाम एक दर्दनाक सड़क हादसे में बाइक सवार युवक की मौके पर ही मौत हो गई। तेज रफ्तार और अनियंत्रित ट्रेलर ने पीछे से बाइक में जोरदार टक्कर मार दी, जिससे युवक सड़क पर गिर पड़ा और ट्रेलर का पहिया उसके सिर के ऊपर से गुजर गया। हादसे के बाद चालक ट्रेलर लेकर मौके से फरार हो गया। सूचना मिलने पर पुलिस मौके पर पहुंची और आवश्यक कार्रवाई शुरू की।
प्राप्त जानकारी के अनुसार गोरखपुर जनपद के बेलघाट थाना क्षेत्र के पचपेड़वा गांव निवासी 28 वर्षीय फैयाज, पुत्र मन्नान, अपनी ससुराल धनघटा थाना क्षेत्र के नवान गांव आए हुए थे। सोमवार की शाम वह अपनी मोटरसाइकिल से चपरा पूर्वी स्थित पेट्रोल पंप पर तेल भराने जा रहे थे। इसी दौरान पेट्रोल पंप के समीप पीछे से आ रहे एक अनियंत्रित ट्रेलर ने उनकी बाइक में जोरदार टक्कर मार दी। टक्कर इतनी भीषण थी कि फैयाज सड़क पर गिर पड़े और ट्रेलर का पहिया उनके सिर पर चढ़ गया, जिससे उनकी घटनास्थल पर ही गंभीर चोटें आईं।
घटना की सूचना मिलते ही धनघटा थाने के उपनिरीक्षक रामदास यादव पुलिस टीम के साथ मौके पर पहुंचे। घायल युवक को तत्काल सामुदायिक स्वास्थ्य केंद्र पहुंचाया गया, जहां चिकित्सकों ने परीक्षण के बाद उन्हें मृत घोषित कर दिया। युवक की मौत की खबर मिलते ही परिजनों में कोहराम मच गया। अस्पताल और घटनास्थल पर बड़ी संख्या में स्थानीय लोग भी एकत्र हो गए।
पुलिस ने शव को कब्जे में लेकर पंचनामा भरने के बाद पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया है। प्रभारी निरीक्षक दिलीप सिंह ने बताया कि फरार ट्रेलर और उसके चालक की तलाश के लिए पुलिस टीमों को लगाया गया है। आसपास लगे सीसीटीवी कैमरों की फुटेज भी खंगाली जा रही है, ताकि वाहन की पहचान कर उसे जल्द गिरफ्तार किया जा सके।
