संत कबीर नगर- बेलहरकला पुलिस ने किया चोरी की तीन बड़ी घटनाओं का खुलासा।
# दो शातिर गिरफ्तार, अवैध असलहा और चोरी का माल बरामद।
संतकबीर नगर-
आज दिनांक 22 जुलाई 2026 को बेलहर कला पुलिस को मिली कामयाबी चोरी की तीन घटनाओं में लिप्त दो शातिर चोरों को किया गया गिरफ्तार।
आपको बताते चले कि पुलिस अधीक्षक संतकबीरनगर संदीप कुमार मीना के कुशल निर्देशन, अपर पुलिस अधीक्षक सुशील कुमार सिंह के मार्गदर्शन तथा क्षेत्राधिकारी मेहदावल सर्व दवन सिंह के पर्यवेक्षण में, जनपद में अपराध एवं अपराधियों के विरुद्ध चलाए जा रहे विशेष अभियान के तहत बेलहरकला पुलिस को बड़ी सफलता मिली है।
पुलिस ने चोरी की तीन अलग-अलग घटनाओं का खुलासा करते हुए दो शातिर अभियुक्तों को गिरफ्तार किया है। उनके पास से चोरी के जेवरात, नकदी, राशन, दो एंड्रॉइड मोबाइल फोन, एक मोटरसाइकिल तथा अवैध असलहा व कारतूस बरामद किए गए हैं।
गिरफ्तारी और बरामदगी का विवरण –
बेलहरकला थाना क्षेत्र के अंतर्गत गठित पुलिस टीम ने आज दिनांक 22 जुलाई 2026 को मुखबिर की सूचना पर दो अभियुक्तों को गिरफ्तार किया:
1.दिलवर पुत्र शंकर निषाद (निवासी – वार्ड नं. 09, सानी केवलिया भीतरी टोला, थाना मेहदावल, संतकबीरनगर)
2.अमन पुत्र राकेश (निवासी – वार्ड नं. 08, घोड़ा गली, थाना मेहदावल, संतकबीरनगर को गिरफ्तार कर न्यायालय भेजा गया।
आपको बताते चले –
दिनांक 19 जून 2026 को मनीष उपाध्याय (पुत्र संतोष उपाध्याय, निवासी- उसका खुर्द, थाना कोतवाली खलीलाबाद) ने थाना कोतवाली में प्रार्थना पत्र दिया था कि 16 जून 2026 को वे अपनी पत्नी के साथ कचहरी एवं दुकान पर गए थे।
पीछे से चोरों ने घर के पिछले दरवाजे का ताला तोड़कर अंदर प्रवेश किया और अलमारी का लॉकर तोड़कर नकदी, जेवरात, कपड़े और आवश्यक दस्तावेज चुरा लिए थे। इस संबंध में थाना कोतवाली खलीलाबाद में मुकदमा दर्ज किया गया था।
दिनांक 21 जुलाई 2026 को प्राथमिक विद्यालय जीवधरा के प्रधानाध्यापक द्वारा थाना बखिरा में तहरीर दी गई थी कि 14 जुलाई 2026 की रात चोरों ने विद्यालय के मुख्य गेट और कार्यालय का ताला व बॉक्स तोड़कर अभिलेख, खेल सामग्री, गैस सिलेंडर, साउंड सिस्टम का सामान तथा किचन में रखे चावल व गेहूं चुरा लिए थे और अन्य सामान बिखेर दिए थे। इस पर थाना बखिरा में मुकदमा दर्ज हुआ था।
दिनांक 19 जुलाई 2026 को रमेश चन्द्र राय (पुत्र स्व. मुन्नू राय, निवासी-बेलहरकला) ने शिकायत दर्ज कराई थी कि 17/18 जुलाई 2026 की रात चोरों ने उनके घर की चहारदीवारी फांदकर अंदर प्रवेश किया और ताला तोड़कर जेवरात, बर्तन, नकदी और राशन चोरी कर लिया था। इस संबंध में थाना बेलहरकला में मुकदमा दर्ज किया गया था।
पुलिस की पूछताछ में अभियुक्तों ने स्वीकार किया कि वे रात के समय ऐसे मकानों और संस्थानों की रेकी करते थे जहाँ आवाजाही कम होती हो या मकान बंद रहते थे। मौका पाकर वे घरों, विद्यालयों व अन्य स्थानों के ताले तोड़कर नकदी, जेवरात, बर्तन, मोबाइल फोन और खाद्यान्न चुरा लेते थे। चोरी के सामान को आपस में बांट लेते थे और कुछ सामान बेचकर प्राप्त धनराशि से अपना खर्च चलाते थे।
पुलिस द्वारा दोनों अभियुक्तों के खिलाफ पूर्व में भी विभिन्न थानों (मेहदावल, खलीलाबाद, बखिरा) में एनडीपीएस अधिनियम, आर्म्स एक्ट, एक्साइज एक्ट और बीएनएस की धाराओं में कई मुकदमे दर्ज होने की जानकारी मिली।
पुलिस टीम की सराहनीय भूमिका –
इस खुलासे और गिरफ्तारी को अंजाम देने वाली पुलिस टीम में उ0नि0 राजेश कुमार दुबे, उ0नि0 रविन्द्रनाथ शर्मा, हे0का0 विजय कुमार सिंह, का0 रोहित कुमार, का0 संतोष चौहान, का0 ओमप्रकाश चौरसिया के अलावा सर्विलांस सेल और एंटी थेफ्ट सेल के प्रभारी व कर्मचारी शामिल रहे।
(सुशील कुमार सिंह – अपर पुलिस अधीक्षक संत कबीर नगर)
