संपत्ति हड़पने के विवाद में घर में घुसकर मारपीट, बक्सा तोड़कर जेवर व नकदी लूटने का आरोप।
ब्यूरो रिपोर्ट- के0 पी0 मौर्य
संतकबीर नगर-
आज दिनांक क्षेत्र के हरिहरपुर चौकी अंतर्गत गांधीनगर (हरिहरपुर) में संपत्ति विवाद को लेकर एक महिला के घर में घुसकर जबरन मारपीट करने, बक्सा तोड़कर लाखों रुपये के जेवर और नकदी लूटने का गंभीर मामला सामने आया है। पीड़िता ने पुलिस अधीक्षक को प्रार्थना पत्र देकर न्याय की गुहार लगाई है और हरिहरपुर चौकी इंचार्ज पर भी एक पक्ष का सहयोग करने का आरोप लगाया है।
आपको बताते चलें कि –
गांधीनगर, हरिहरपुर निवासी शारदा देवी पत्नी स्व. तीर्थ प्रसाद ने पुलिस अधीक्षक को दिए गए शिकायती पत्र में बताया है कि उनके पति की मृत्यु दिसंबर 2025 में हो चुकी है। उनके बड़े लड़के धीरेंद्र कुमार व अनूप कुमार वर्ष 2014 से ही परिवार से अलग रहते हैं और उनका प्रार्थिनी से कोई संबंध नहीं है। आरोप है कि पति की मृत्यु के बाद ये दोनों लड़के हरिहरपुर चौकी इंचार्ज अशोक कुमार सिंह की मिलीभगत से उनकी संपत्ति जबरन हड़पना चाहते हैं।
घर में घुसकर मारपीट और लूटपाट –
पीड़िता के अनुसार, 28 सितंबर 2026 को दिन में करीब 10:30 बजे जब उनका छोटा लड़का ज्ञानेंद्र अपनी दुकान पर था और घर पर केवल उनकी बेटी कुमारी अकेली थी, तभी धीरेंद्र कुमार, उनकी पत्नी प्रेशिला, अनूप कुमार, मंजू देवी और नितिन कुमार एक राय होकर जबरन घर में घुस आए।
आरोपियों ने प्रार्थिनी की लड़की को जबरन घर से बाहर निकाल दिया।
कमरे में रखे बक्से का ताला तोड़कर मंगलसूत्र, सोने की चेन, कान का झुमका और 2,00,000 रुपये नकद लूट लिए।
शोर मचाने पर आसपास के लोग इकट्ठा हुए, जिसके बाद आरोपी जान से मारने की धमकी देते हुए फरार हो गए।
पुलिस पर अनसुनी का आरोप –
घटना के तुरंत बाद पीड़िता के बेटे ने 112 नंबर पर सूचना दी, लेकिन कोई कार्रवाई नहीं हुई। पीड़िता का आरोप है कि जब वह हरिहरपुर चौकी गईं, तो पुलिस ने न केवल उनका प्रार्थना पत्र लेने से इनकार कर दिया, बल्कि उन्हें गाली-गुप्ता देकर भगा दिया। पीड़िता शारदा देवी ने पुलिस अधीक्षक से मामले की निष्पक्ष जांच कर आरोपियों के खिलाफ सख्त कानूनी कार्रवाई की मांग की है।
पुलिस अधीक्षक संदीप कुमार मीना द्वारा मामले को गंभीरता से लेकर जांच करने का आदेश दिया गया।
