PWD की सड़क निर्माण में लापरवाही, जेसीबी से तोड़ी मकान की दीवार, गिरने की कगार पर पूरा घर।
रिपोर्ट – दिलशाद अहमद
बहराइच।
जनपद के मोहल्ला नौवागढ़ी (निकट पुलिस लाइन परेड ग्राउंड) में लोक निर्माण विभाग (PWD) की लापरवाही का एक बड़ा मामला सामने आया है। यहाँ सड़क निर्माण कार्य के दौरान जेसीबी मशीन से एक रिहायशी मकान की दीवार को ढहा दिया गया, जिससे पूरे मकान के गिरने का खतरा पैदा हो गया है।

क्या है पूरा मामला –
पीड़ित विजय कुमार श्रीवास्तव, संजय कुमार और अन्य स्थानीय निवासियों ने जिलाधिकारी (DM) को प्रार्थना पत्र सौंपकर न्याय की गुहार लगाई है। शिकायती पत्र के अनुसार, मोहल्ला नौवागढ़ी में पुलिस लाइन परेड ग्राउंड के पास PWD द्वारा सड़क बनाने का कार्य चल रहा है। आरोप है कि कार्य के दौरान बिना सावधानी बरते जेसीबी मशीन चलाई गई, जिसकी चपेट में आने से प्रार्थियों के मकान की दीवार गिर गई।
बढ़ता जा रहा है खतरा –
पीड़ितों का कहना है कि दीवार गिरने से उन्हें न केवल भारी आर्थिक क्षति हुई है, बल्कि अब उनका पूरा मकान असुरक्षित हो गया है। उन्होंने आशंका जताई है कि यदि जल्द ही दीवार की मरम्मत नहीं कराई गई, तो पूरा मकान जमींदोज हो सकता है, जिससे जान-माल का बड़ा नुकसान होने की संभावना है।
प्रशासन से मरम्मत की मांग –
मकान मालिकों ने जिलाधिकारी से विनम्र निवेदन किया है कि मामले का संज्ञान लेते हुए विभाग को क्षतिग्रस्त दीवार की तत्काल मरम्मत कराने हेतु निर्देशित किया जाए। पत्र पर विजय कुमार श्रीवास्तव, संजय कुमार श्रीवास्तव और दशरथ गौड़ सहित अन्य के हस्ताक्षर मौजूद हैं।
