पत्रकारों के उत्पीड़न और अभद्रता के खिलाफ ‘जर्नलिस्ट प्रेस क्लब’ ने खोला मोर्चा, एसपी को सौंपा ज्ञापन।
ब्यूरो रिपोर्ट- के0 पी0 मौर्य
संतकबीरनगर-
दिनांक 21 अगस्त 2026 को जनपद में लगातार बढ़ रही पत्रकारों के उत्पीड़न, अभद्रता और उनकी स्वतंत्रता में हस्तक्षेप की घटनाओं के खिलाफ जर्नलिस्ट प्रेस क्लब, संतकबीरनगर ने कड़ा रुख अपनाया है।
क्लब के पदाधिकारियों ने पुलिस अधीक्षक संदीप कुमार मीना को ज्ञापन सौंपकर दोषियों के खिलाफ सख्त कानूनी कार्रवाई की मांग की है.
आपको बताते चलें कि 3 अगस्त 2026 को वंदे भारत लाइव टीवी के संवाददाता अनिरुद्ध अग्रहरि को मनरेगा कार्य से संबंधित खबर चलाने पर फोन करके बुलाया गया और विकास चौधरी, अभिषेक चौधरी व शेषनाथ यादव समेत अन्य लोगों द्वारा बीच चौराहे पर लात-घूंसों और डंडों से बुरी तरह पीटा गया।
पीड़ित का मोबाइल छीन लिया गया और पुलिस चौकी में भी बैठाकर मारपीट की गई।
14 अगस्त 2026 को खलीलाबाद टाइम्स के संवाददाता विवेकानंद जब कोतवाली थाने में समाचार संकलन के लिए गए, तो एक मारपीट के मामले का वीडियो बनाने पर पुलिसकर्मियों ने उनका मोबाइल छीन लिया, वीडियो डिलीट कर दिया और अभद्रता करते हुए लॉकअप में बैठा दिया.
जर्नलिस्ट प्रेस क्लब ने इन दोनों घटनाओं की कड़े शब्दों में निंदा की है. क्लब ने मांग की है कि घटनास्थलों में स्वीट हाउस और कोतवाली पर लगे सीसीटीवी कैमरों की फुटेज की निष्पक्ष जांच कराई जाए और दोषियों के खिलाफ नियमानुसार कड़ी कार्रवाई सुनिश्चित की जाए.
इस ज्ञापन के दौरान जर्नलिस्ट प्रेस क्लब के अध्यक्ष शक्ति श्रीवास्तव ‘बाबुल’, कार्यवाहक अध्यक्ष अमित अग्रहरि, महासचिव मिथलेश धुरिया,राजेश्वर आदि सहित बड़ी संख्या में पत्रकार मौजूद रहे.
