खलीलाबाद नगर पालिका क्षेत्र के वार्ड नंबर 2 में जलजमाव और नाली न होने पर जिलाधिकारी को सौंपा ज्ञापन।
संतकबीरनगर-
दिनांक 24 अगस्त 2026 को नगर पालिका परिषद खलीलाबाद के वार्ड नंबर 02 (पश्चिमी बगहिया मुख्यमार्ग, आसिफ मोहद्दीनपुर) के निवासियों को जलजमाव और नाली न होने की गंभीर समस्या का सामना करना पड़ रहा है। इस संबंध में वार्ड की सभासद मीरा देवी के प्रतिनिधि अमित कुमार द्वारा जिलाधिकारी को एक शिकायती ज्ञापन सौंपा गया है।
ज्ञापन में बताया गया है कि वार्ड के कोइरीकुआं से कुंवरपुर मार्ग तक जाने वाले मुख्य मार्ग के किनारे जल निकासी की कोई उचित व्यवस्था नहीं है। स्थिति यह है कि हल्की बारिश होने पर भी मुख्य मार्ग पर पानी भर जाता है और जलजमाव की विकराल स्थिति उत्पन्न हो जाती है।
स्थानीय निवासियों का कहना है कि सड़क पर जलभराव के कारण लोगों का पैदल चलना भी दूभर हो गया है। पानी निकासी का रास्ता न होने के कारण गंदा पानी सड़क पर ही जमा रहता है, जिससे संक्रामक बीमारियां फैलने का खतरा बना हुआ है। जिसकी शिकायत व चेतावनी के नगर पालिका परिषद को दिया गया जिसमें निवासियों ने चेतावनी दी है कि यदि इस समस्या का जल्द समाधान नहीं किया गया, तो वे बोर्ड का पुनः घेराव करने और विरोध प्रदर्शन करने के लिए विवश होंगे।
सभासद मीरा देवी के माध्यम से नगर पालिका प्रशासन से यह जोरदार मांग की गई है कि जनहित को ध्यान में रखते हुए इस मार्ग पर तत्काल नाली निर्माण का कार्य शुरू कराया जाए, ताकि क्षेत्रीय जनता को इस नारकीय जीवन से मुक्ति मिल सके।मामले को तत्काल संबंधित विभाग को उचित कार्रवाई करने हेतु आदेशित किया गया।
