उप जिलाधिकारी व क्षेत्राधिकारी खलीलाबाद की उपस्थिति में आगामी मुहर्रम त्योहार को लेकर कोतवाली परिसर में पीस कमेटी की बैठक संपन्न।
संत कबीर नगर-
आगामी मुहर्रम त्योंहार को शांतिपूर्ण, सुरक्षित और सौहार्दपूर्ण वातावरण में संपन्न कराने के उद्देश्य से थाना कोतवाली खलीलाबाद परिसर में एक महत्वपूर्ण पीस कमेटी की बैठक का आयोजन किया गया। यह बैठक उप जिलाधिकारी महोदय एवं क्षेत्राधिकारी खलीलाबाद प्रियम राजशेखर पाण्डेय की गरिमामयी उपस्थिति में संपन्न हुई।
इस महत्वपूर्ण गोष्ठी में क्षेत्र के मुस्लिम व हिन्दू समुदाय के गणमान्य नागरिकों, समस्त ताजियादारों, डीजे संचालकों और संभ्रांत व्यक्तियों ने बढ़-चढ़कर प्रतिभाग किया। बैठक के दौरान पुलिस व प्रशासनिक अधिकारियों द्वारा शासन से प्राप्त कड़े दिशा-निर्देशों व गाइडलाइंस से सभी को विस्तार से अवगत कराया गया और निम्नलिखित आवश्यक निर्देश दिए गए:-
परंपरागत तरीके से मनेगा त्योहार:-
अधिकारियों द्वारा स्पष्ट रूप से अवगत कराया गया कि मुहर्रम का त्योहार पूर्णतः परंपरागत तरीके से ही मनाया जाएगा। किसी भी स्तर पर किसी भी प्रकार की नई परंपरा की शुरुआत कतई नहीं होने दी जाएगी।
अस्त्र-शस्त्र के प्रदर्शन व करतब पर पूर्ण रोक: मुहर्रम के जुलूस के दौरान किसी भी व्यक्ति द्वारा किसी भी प्रकार के अस्त्र-शस्त्र (धारदार हथियार, लाठी-डंडे या आग्नेयास्त्र) का प्रदर्शन नहीं किया जाएगा और न ही किसी प्रकार का खतरनाक करतब दिखाया जाएगा।
डीजे संचालकों को सख्त हिदायत: डीजे संचालकों को कड़े निर्देश दिए गए कि वे निर्धारित मानकों के अनुरूप ही ध्वनि विस्तारक यंत्रों (लाउडस्पीकर) का प्रयोग करेंगे। किसी भी प्रकार के भड़काऊ, आपत्तिजनक या सांप्रदायिक सौहार्द बिगाड़ने वाले गाने बजाने पर तत्काल सख्त कानूनी कार्रवाई की जाएगी।
कठोर विधिक कार्रवाई की चेतावनी:-
अधिकारियों ने दो टूक शब्दों में सचेत किया कि यदि किसी भी शरारती तत्व द्वारा शांति व्यवस्था भंग करने या नियमों का उल्लंघन करने का प्रयास किया गया, तो उसके विरुद्ध पुलिस अत्यंत कठोर वैधानिक कार्रवाई अमल में लाएगी।
अंत में, उप जिलाधिकारी महोदय व क्षेत्राधिकारी खलीलाबाद द्वारा उपस्थित सभी संभ्रांत नागरिकों से अपील की गई कि वे आपसी भाईचारे और गंगा-जमुनी तहजीब को बनाए रखते हुए त्योहार को शांतिपूर्वक संपन्न कराएं।

सोशल मीडिया पर फैलने वाली किसी भी प्रकार की अफवाह या भ्रामक खबरों पर ध्यान न दें और किसी भी संदिग्ध गतिविधि की सूचना तत्काल स्थानीय पुलिस को दें।
इस अवसर पर प्रभारी निरीक्षक कोतवाली खलीलाबाद जय प्रकाश दुबे सहित थाने के अन्य अधिकारी/पुलिसकर्मीगण तथा भारी संख्या में क्षेत्र के सम्मानित व संभ्रांत लोग उपस्थित रहे।
