जनगणना कार्य की समीक्षा के लिए डीएम की अध्यक्षता में बैठक सम्पन्न !
ब्यूरो चीफ – दिलशाद अहमद
बहराइच 16 मई ।
भारत की जनगणना-2027 के प्रथम चरण मकान सूचीकरण हेतु जनपद स्तर पर संचालित स्व-गणना अभियान की समीक्षा के लिए शुक्रवार को देर शाम कलेक्ट्रेट सभागार में आयोजित बैठक की अध्यक्षता करते हुए जिलाधिकारी अक्षय त्रिपाठी ने सभी सम्बन्धित अधिकारियों को निर्देश दिया कि स्वयं के साथ-साथ सभी अधीनस्थ अधिकारियों एवं कर्मचारियों का स्व-गणना कराना सुनिश्चित करें। डीएम ने जिला विद्यालय निरीक्षक व जिला बेसिक शिक्षा अधिकारी को निर्देश दिया कि शिक्षकों के लिए लक्ष्य निर्धारित कर अधिकाधिक लोगों की स्व-गणना कराये तथा आमजनमानस को स्व-गणना के लिए प्रेरित भी किया जाय।
समीक्षा बैठक के दौरान डीएम श्री त्रिपाठी ने मुख्य चिकित्साधिकारी, उपायुक्त एनआरएलएम व जी0 रामजी, जिला पंचायत राज अधिकारी, जिला कार्यक्रम अधिकारी, जिला पूर्ति अधिकारी, अधिशासी अधिकारी, उप जिलाधिकारी, खण्ड शिक्षा अधिकारी, खण्ड विकास अधिकारी, बाल विकास परियोजना अधिकारी सहित अन्य अधिकारियों को निर्देश दिया कि अधीनस्थ तहसील, ब्लाक एवं ग्राम स्तरीय अधिकारियों एण्वं कर्मचारियों के लिए लक्ष्य निर्धारित कर 21 मई 2026 तक अधिक अधिक से नागरिकों को स्व-गणना कार्य के लिए प्रेरित करें। डीएम ने डीपीआरओ, डीएसओ व अधिशासी अधिकारियों को निर्देश दिया कि स्व-गणना हेतु ग्राम प्रधानों, सभासदों तथा कोटेदारों से भी अपेक्षित सहयोग प्राप्त किया जाय।
डीएम ने सभी सम्बन्धित अधिकारियों को निर्देश दिया कि आमजनमानस को बताया जाये कि स्वगणना के लिए सबसे पहले आधिकारिक पोर्टल एचटीटीपीएक. एसई डाट सीईएनएसयूएस डाट जीओवी डाट इन पर जाकर मोबाइल फोन नम्बर और नाम के जरिये पंजीकरण करना होगा। इसके बाद भाषा का चयन कर ओटीपी सत्यापन किया जाएगा। फिर पता दर्ज कर मानचित्र पर अपने घर को चिह्नित करना होगा। अंत में 33 सवालों की प्रश्नावली भरकर सबमिट करने पर एसई आइडी प्राप्त होगी। उन्होंने बताया कि 22 मई के बाद जब गणनाकर्मी घर पहुंचेंगे तो उनका पहचान पत्र देखने के बाद ही यह नंबर साझा करना होगा। यदि दी गई यह जानकारी रिकार्ड से मेल खाती है, तो डाटा स्वीकार कर लिया जाएगा, अन्यथा नई जानकारी दर्ज की जाएगी।
बैठक के माध्यम से डीएम श्री त्रिपाठी ने जनपदवासियों से अपील की है कि स्वगणना कार्य में सक्रिय भागीदारी करें तथा अधिक से अधिक नागरिकों को स्वगणना में शामिल होने के लिए जागरूक व प्रेरित करें। जनगणना कार्य में लगे हुए अधिकारियों एवं कर्मचारियों को पूरा सहयोग प्रदान करें। डीएम ने कहा कि जनगणना ही विकास योजनाओं की नींव तैयार करने का आधार है। यह पूरी प्रक्रिया सुरक्षित है और जनगणना से जुड़ी सभी जानकारी गोपनीय रखी जाती है। इस अवसर पर मुख्य विकास अधिकारी सुनील कुमार धनवंता, अपर जिलाधिकारी अमित कुमार, मुख्य राजस्व अधिकारी देवेन्द्र पाल सिंह सहित अन्य सम्बन्धित अधिकारी मौजूद रहे।
