जांच के डर से अवैध लाइब्रेरी व कोचिंग सेंटर के गिरे शटर ।
– लखनऊ काण्ड के बाद जागा प्रशासन, संचालकों में हड़कंप
मगहर- संत कबीर नगर।
नगर पंचायत मगहर क्षेत्र में दर्जन भर अवैध कोचिंग सेंटर एवं लाइब्रेरी खोल कर छात्रों के भविष्य को संवारने में लगे हुए थे। इसके साथ सरकारी मान्यता प्राप्त विद्यालय के शिक्षक भी बेहिचक कोचिंग चला रहे हैं। लखनऊ में कोचिंग सेंटर में आग की घटना के बाद प्रशासन जागा है। लाइब्रेरी एवं कोचिंग संचालक जांच के डर से संस्थान के शटर बंद कर दिए है।जिला प्रशासन व शिक्षा विभाग ने ब्लाक स्तर तक जांच टीम गठित कर जांच शुरू होने की सूचना से अवैध कोचिंग संस्थान बंद हो गये। जिससे छात्रों के भविष्य पर खतरा मंडराने लगा है।
नगर तथा आस- पास के ग्रामीण इलाकों में अवैध लाइब्रेरी और कोचिंग संस्थानों ने जाल फैला रखा है।कोचिंग संचालकों द्वारा छात्रों को सुनहरे भविष्य का सपना दिखाकर उनका कीमती समय तो बरबाद कर रहें हैं साथ ही धन भी लूट रहे हैं।इन कोचिंग सेंटरों में आने जाने का एक ही रास्ता होता है तथा कोई मानक भी नहीं है। इतना ही नहीं फायर ब्रिगेड विभाग द्वारा निर्धारित मानक को पूरा नहीं करते हैं।इसके बावजूद बेधड़क सेंटर विभाग के जिम्मेदारानो के मौन और अनदेखी के कारण चल रहे हैं। प्रदेश की राजधानी लखनऊ में कोचिंग सेंटर में आग की घटना होने के बाद अवैध कोचिंग सेंटर एवं लाइब्रेरी संस्थानों की पोल खोल गई। जिसके बाद जिला प्रशासन व विभाग ने ब्लाक स्तर कमेटी गठित कर इसकी जांच करने शुरू की तो अवैध कोचिंग संस्थानों के जिम्मेदार जांच के भय से ताला जड़ कर फरार हो गये। कोचिंग के बंद होने से छात्रों का पठन पाठन प्रभावित हो गया और वह दर दर भटकने को मजबूर है। इतना ही नहीं कस्बे में कई ऐसे शिक्षक ऐसे है जो भारी भरकम सरकारी वेतन भी ले रहे है और विद्यालय संचालन समय से पहले विद्यालय परिसर में छात्रो को कोचिंग पढ़ाते हैं पकड़े जाने के भय वह भी बंद कर दिए हैं।
