आईटीएम में धूमधाम से मनाया गया स्वतंत्रता दिवस।
गोरखपुर -
इंस्टीट्यूट ऑफ टेक्नोलॉजी एंड मैनेजमेंट (आईटीएम), गीडा, गोरखपुर में 15 अगस्त को स्वतंत्रता दिवस समारोह हर्षोल्लास एवं देशभक्ति की भावना के साथ मनाया गया। कार्यक्रम के मुख्य अतिथि संस्थान के सचिव श्री श्याम बिहारी अग्रवाल रहे। उन्होंने ध्वजारोहण कर सभी को स्वतंत्रता दिवस की शुभकामनाएं दीं।
इस अवसर पर श्री श्याम बिहारी अग्रवाल ने कहा कि देश की आजादी स्वतंत्रता सेनानियों के त्याग और बलिदान का परिणाम है। उन्होंने संस्थान की प्रगति पर प्रकाश डालते हुए कहा कि आईटीएम शिक्षा, तकनीकी विकास, विद्यार्थियों के सर्वांगीण विकास, नवाचार एवं रोजगारपरक शिक्षा के क्षेत्र में निरंतर आगे बढ़ रहा है। उन्होंने संस्थान के विकास में शिक्षकों, कर्मचारियों और विद्यार्थियों के योगदान की सराहना करते हुए कहा कि सामूहिक प्रयासों से आईटीएम को नई ऊंचाइयों तक पहुंचाया जा रहा है।
संस्थान के निदेशक डॉ. एन. के. सिंह ने सभी को स्वतंत्रता दिवस की शुभकामनाएं देते हुए कहा कि विद्यार्थियों को स्वतंत्रता सेनानियों के आदर्शों से प्रेरणा लेकर अनुशासन, ईमानदारी और राष्ट्रप्रेम की भावना के साथ आगे बढ़ना चाहिए। उन्होंने कहा कि शिक्षित और जिम्मेदार युवा ही देश को विकास की नई दिशा दे सकते हैं।
समारोह में समस्त शिक्षकगण,कर्मचारीगण एवं छात्रों ने राष्ट्र की एकता, अखंडता और प्रगति के लिए अपने कर्तव्यों का निष्ठापूर्वक निर्वहन करने का संकल्प लिया।
