दुर्गा पूजा महोत्सव की तैयारियों को लेकर महा समिति की बैठक !
विसर्जन शोभायात्रा में आने वाले श्रद्धालुओं के लिए आश्रम में नि:शुल्क भोजन व ठहरने की व्यवस्था !
ब्यूरो चीफ – दिलशाद अहमद
आज का भारत लाइव
रिसिया, बहराइच।
आगामी 11 अक्टूबर से शुरू होने वाले श्री मां दुर्गा पूजा महोत्सव को लेकर श्री सीताराम आश्रम में दुर्गा पूजा महा समिति रिसिया की बैठक आयोजित की गई। बैठक की अध्यक्षता महा समिति के अध्यक्ष डॉ. राजू निगम ने की, जबकि मुख्य अतिथि के रूप में पीठाधीश्वर श्री रविशंकर महाराज मौजूद रहे। बैठक में महा समिति से जुड़ी विभिन्न समितियों के पदाधिकारी शामिल हुए।
बैठक को संबोधित करते हुए पीठाधीश्वर श्री रविशंकर महाराज ने कहा कि नौ दिनों तक मां दुर्गा की भक्ति एवं आराधना के बाद कस्बे में विशाल विसर्जन शोभायात्रा निकाली जाएगी। शोभायात्रा दूर-दराज के गांवों से होते हुए विश्राम घाट स्थित सरयू नदी के तट पर पहुंचेगी, जहां प्रतिमाओं का विसर्जन किया जाएगा। उन्होंने कहा कि विसर्जन शोभायात्रा देर रात तक चलती है। ऐसे में यदि किसी श्रद्धालु को देर होने के कारण घर लौटने में परेशानी होती है तो श्री सीताराम आश्रम में उनके लिए भोजन और ठहरने की नि:शुल्क व्यवस्था की जाएगी।

महा समिति के अध्यक्ष डॉ. राजू निगम ने कहा कि हाल में आए चक्रवाती तूफान के कारण जिन स्थानों पर बिजली के पोल गिर गए हैं या झुक गए हैं, उनकी जानकारी प्रशासन को दे दी गई है। उन्होंने बताया कि इन्हें 10 अक्टूबर तक ठीक कराने का प्रयास किया जा रहा है। इसके अलावा विसर्जन मार्ग में जगह-जगह बने गड्ढों को दुरुस्त कराने के लिए जिलाधिकारी, खंड विकास अधिकारी एवं अधिशासी अधिकारी से वार्ता की गई है।
जिला महा समिति से पहुंचे जिला अध्यक्ष सुधाकर त्रिपाठी ने कहा कि जिला कार्यसमिति हर परिस्थिति में रिसिया महा समिति का सहयोग करेगी। उन्होंने पदाधिकारियों से अपील की कि महोत्सव के दौरान आने वाली समस्याओं की जानकारी समय से जिला समिति को उपलब्ध कराएं, ताकि उनका समाधान कराया जा सके।

इस दौरान महा समिति के विभिन्न पदाधिकारियों का स्वागत किया गया। बैठक का संचालन संदीप वैश्य शनि ने किया। इस अवसर पर महामंत्री कन्हैया सोनी, उपाध्यक्ष युवराज यज्ञसैनी, पवन जायसवाल, हरिकिशन गुप्ता सहित अन्य पदाधिकारी मौजूद रहे।
