डीएम आलोक कुमार ने किया सामुदायिक स्वास्थ्य केंद्र नाथनगर का औचक निरीक्षण, दिए सख्त निर्देश।
संत कबीर नगर –
जिलाधिकारी आलोक कुमार ने सामुदायिक स्वास्थ्य केंद्र (CHC) नाथनगर का औचक निरीक्षण किया। इस दौरान उन्होंने अस्पताल में मिलने वाली चिकित्सा सुविधाओं का फीडबैक लिया और व्यवस्थाओं को दुरुस्त करने के लिए संबंधित चिकित्साधिकारियों एवं स्टाफ को स्पष्ट एवं कड़े दिशा-निर्देश दिए।
निरीक्षण के मुख्य बिंदु एवं निर्देश –
ऑपरेशन थिएटर में गंदगी पर नाराजगी और वेतन बाधित –
निरीक्षण के दौरान ऑपरेशन थिएटर में साफ-सफाई न मिलने पर जिलाधिकारी ने गहरी नाराजगी जताई। उन्होंने सभी स्टाफ नर्सों को अस्पताल में उच्च स्तर की साफ-सफाई बनाए रखने का निर्देश दिया। भविष्य में इस प्रकार की लापरवाही की पुनरावृत्ति न हो, इसके लिए जिलाधिकारी ने अग्रिम आदेश तक संबंधितों का वेतन बाधित करने के निर्देश दिए हैं।
लैब की खराब मशीनें दुरुस्त करने के निर्देश –
अस्पताल की लैब के निरीक्षण के दौरान यह बात सामने आई कि सीबीसी (CBC) और सेलेक्ट्रा मशीन पिछले लगभग 15 दिनों से खराब हैं। जिलाधिकारी ने इस पर संज्ञान लेते हुए संबंधित अधिकारियों को इन्हें तत्काल ठीक कराने का निर्देश दिया।
- वार्डों की व्यवस्था पर संतोष-
जिलाधिकारी ने पीएनसी (PNC), एनबीएसयू (NBSU), ईटीसी (ETC) और इमरजेंसी वार्ड का भी भ्रमण किया। इन वार्डों में मरीजों को उपलब्ध कराई जा रही स्वास्थ्य सेवाओं पर उन्होंने संतोष व्यक्त किया।
- प्रधानमंत्री जन औषधि केंद्र का उपयोग।
प्रधानमंत्री जन औषधि केंद्र के निरीक्षण के दौरान डीएम ने निर्देशित किया कि अस्पताल में जो दवाइयां उपलब्ध नहीं हैं, डॉक्टरों द्वारा केवल जन औषधि केंद्र से ही वे दवाइयां लिखी जाएं।
- बुनियादी ढांचे में सुधार (इंटरलॉकिंग और शौचालय)।
अस्पताल परिसर में मरीजों को लैब तक आने-जाने में होने वाली असुविधा को दूर करने के लिए खंड विकास अधिकारी को तत्काल इंटरलॉकिंग कार्य कराने का निर्देश दिया गया।
मरीजों के उपयोग के लिए शौचालय सुविधाओं को सुदृढ़ करने के निर्देश दिए गए। जानकारी दी गई कि शौचालय के जीर्णोद्धार का भुगतान पहले ही किया जा चुका है और यह कार्य एक सप्ताह के भीतर पूरा कर लिया जाएगा।
उपस्थित अधिकारी एवं कर्मचारी:-
इस औचक निरीक्षण के दौरान चिकित्सा अधीक्षक डॉ. श्वेतांक सिंह (स्त्री एवं प्रसूति रोग विशेषज्ञ), डॉ. लोकेश त्रिपाठी (महिला चिकित्सक), डॉ. निधि गुप्ता (आयुष चिकित्सक), डॉ. तृषा यादव (चीफ फार्मासिस्ट), आशीष मिश्रा (एक्स-रे टेक्निशियन), मनोज चौधरी (एक्स-रे टेक्निशियन), अखिलेश्वर श्रीवास्तव (लैब टेक्निशियन), रामविलास सहित अन्य समस्त चिकित्सा स्टाफ व कर्मचारी मौजूद रहे।
