चेयरमैन और ईओ ने एमआरएफ सेंटर व मॉडर्न प्राथमिक विद्यालय का किया औचक निरीक्षण, दिए आवश्यक निर्देश।
संत कबीर नगर- मगहर।
नगर पंचायत मगहर की चेयरमैन एवं अधिशाषी अधिकारी ने गुरुवार को नगर क्षेत्र में स्थित एमआरएफ सेंटर तथा मॉडर्न प्राथमिक विद्यालय का औचक निरीक्षण किया। इस दौरान दोनों लोगों ने व्यवस्थाओं का गहन निरीक्षण कर संबंधित कर्मचारियों को आवश्यक दिशा-निर्देश दिए।

चेयरमैन अनवरी बेगम के साथ ईओ सीमा राय ने निरीक्षण के दौरान सबसे पहले एमआरएफ सेंटर पहुंचकर वहां ठोस अपशिष्ट प्रबंधन की व्यवस्था, कूड़े के पृथक्करण, पुनर्चक्रण (रिसाइक्लिंग) की प्रक्रिया, मशीनों के संचालन तथा साफ-सफाई की स्थिति का निरीक्षण किया गया।नगर प्रशासन ने कचरे के वैज्ञानिक निस्तारण की व्यवस्था को और अधिक प्रभावी बनाने के निर्देश दिए। साथ ही परिसर में स्वच्छता बनाए रखने तथा कार्यों में किसी प्रकार की लापरवाही न बरतने की हिदायत दी।इसके बाद चेयरमैन एवं ईओ ने नगर क्षेत्र के मॉडर्न प्राथमिक विद्यालय का निरीक्षण किया। विद्यालय में कक्षाओं की व्यवस्था, विद्यार्थियों की उपस्थिति, स्वच्छ पेयजल, शौचालय, परिसर की साफ-सफाई तथा अन्य मूलभूत सुविधाओं का अवलोकन किया। उन्होंने विद्यालय परिसर को स्वच्छ एवं व्यवस्थित बनाए रखने पर विशेष जोर देते हुए बच्चों को बेहतर शैक्षणिक वातावरण उपलब्ध कराने के निर्देश दिए।निरीक्षण के दौरान विकास कार्यों की प्रगति की भी समीक्षा की गई। अधिकारियों ने कहा कि नगर पंचायत क्षेत्र में संचालित सभी विकास एवं जनहित से जुड़े कार्य निर्धारित मानकों के अनुरूप समयबद्ध तरीके से पूरे किए जाएं। गुणवत्ता से किसी प्रकार का समझौता स्वीकार नहीं किया जाएगा।चेयरमैन एवं ईओ ने संबंधित कर्मचारियों को निर्देशित किया कि शासन की योजनाओं का लाभ आमजन तक पारदर्शी एवं प्रभावी ढंग से पहुंचे तथा नगर क्षेत्र में स्वच्छता, शिक्षा एवं विकास कार्यों को प्राथमिकता के आधार पर संचालित किया जाए।

इस दौरान नगर पंचायत के सभासद अवधेश सिंह,लिपिक संजय कुमार दूबे,विशाल वर्मा,अजय वर्मा,प्रदीप उर्फ डब्बू पासवान,शैलेन्द्र कुमार झाबर कन्नौजिया मौजूद रहे।
