संतकबीरनगर में दहलाने वाला दोहरा हत्याकांड: मुख्य आरोपी राकेश यादव पुलिस मुठभेड़ में ढेर, पैर में लगी गोली; तमंचा व कारतूस बरामद !
संतकबीरनगर:
जिले के मेंहदावल थाना क्षेत्र के जमोहरा गांव में हुए सनसनीखेज दोहरे हत्याकांड के मुख्य वांछित आरोपी को पुलिस ने मुठभेड़ के बाद गिरफ्तार कर लिया है। बौधरा ताल के पास हुई इस रोमांचक मुठभेड़ में पुलिस की जवाबी कार्रवाई के दौरान आरोपी के पैर में गोली लग गई, जिसके बाद उसे घायल अवस्था में दबोच लिया गया। पुलिस ने उसके पास से एक अवैध तमंचा और कारतूस बरामद किए हैं। इस दुर्दांत अपराधी पर पहले से ही आधा दर्जन गंभीर आपराधिक मामले दर्ज हैं।
क्या थी पूरी घटना ?
बीते 15 नवंबर 2026 को मेंहदावल क्षेत्र के जमोहरा गांव में पुरानी रंजिश के चलते एक खूनी संघर्ष हुआ था। आरोप है कि अभियुक्तों ने पूर्व नियोजित साजिश के तहत गांव के बाहर खेत की जुताई कर रहे प्रहलाद यादव, रामकेश यादव, सहसराम यादव और घनश्याम यादव पर लाठी-डंडों, बल्लम, फरसे और अवैध हथियारों से ताबड़तोड़ जानलेवा हमला कर दिया था।
इस (क्रूर) हमले में प्रहलाद यादव और रामकेश यादव की गोली मारकर निर्मम हत्या कर दी गई थी, जबकि सहसराम और घनश्याम गंभीर रूप से घायल हो गए थे। इस संबंध में थाना मेंहदावल में बीएनएस (भारतीय न्याय संहिता) की गंभीर धाराओं और 7 सीएलए एक्ट के तहत मुकदमा दर्ज किया गया था।
फिल्मी स्टाइल में हुई पुलिस मुठभेड़ –
पुलिस अधीक्षक संदीप कुमार मीना के निर्देशन और अपर पुलिस अधीक्षक व क्षेत्राधिकारी के पर्यवेक्षण में पुलिस और एसओजी की संयुक्त टीम आरोपियों की धर-पकड़ में जुटी थी।
17 नवंबर 2026 की सुबह लगभग 5:30 बजे, पुलिस को मुखबिर से सटीक सूचना मिली कि इस दोहरे हत्याकांड का मुख्य वांछित अभियुक्त राकेश यादव भरवलिया पाण्डेय से हरपुर होते हुए गोरखपुर भागने की फिराक में है।
सूचना मिलते ही थाना प्रभारी मेंहदावल रामाज्ञा सिंह और एसओजी प्रभारी उमाशंकर त्रिपाठी की टीम ने बौधरा ताल के पास घेराबंदी कर ली। खुद को घिरता देख आरोपी राकेश यादव ने पुलिस टीम पर जान से मारने की नीयत से फायरिंग कर दी। पुलिस द्वारा आत्मरक्षार्थ की गई जवाबी कार्रवाई में आरोपी के दाहिने पैर में गोली जा लगी, जिससे वह घायल होकर गिर पड़ा और पुलिस ने उसे दबोच लिया।

बरामदगी और आपराधिक इतिहास –
बरामद सामान: 01 अवैध तमंचा (.12 बोर), 01 जिंदा कारतूस (.12 बोर) और 01 खोखा कारतूस (.12 बोर)।
अपराधियों का चिट्ठा: आरोपी राकेश यादव पर पहले से ही मारपीट, बलवा, हत्या के प्रयास जैसे 6 गंभीर आपराधिक मुकदमे मेंहदावल थाने में दर्ज हैं।
आगे की कार्रवाई-
घायल अभियुक्त को पुलिस हिरासत में इलाज के लिए सामुदायिक स्वास्थ्य केंद्र (CHC) मेंहदावल भेजा गया है। पुलिस द्वारा उस पर आर्म्स एक्ट और अन्य धाराओं के तहत अग्रिम विधिक कार्रवाई की जा रही है। वहीं, इस सनसनीखेज कांड में शामिल अन्य वांछित अभियुक्तों की तलाश के लिए पुलिस की ताबड़तोड़ दबिशें जारी हैं। इलाके में शांति व्यवस्था बनाए रखने के लिए भारी पुलिस बल तैनात किया गया है।
