पहलवान ब्रह्मानंद हत्याकांड- पुलिस के खौफ से कांपी वाँछित अभियुक्ता शीला ने कोर्ट में किया सरेंडर, अब तक 10 गिरफ्तार !
संतकबीरनगर |
जनपद के थाना कोतवाली खलीलाबाद क्षेत्र के भगठान गोसाईपुर में हुए बहुचर्चित ब्रह्मानंद यादव हत्याकांड में पुलिस की दबिश और लगातार हो रही सख्त कार्रवाई का असर दिखने लगा है। पुलिस की ताबड़तोड़ दबिश और गिरफ्तारी के खौफ से घबराकर इस सनसनीखेज मामले में लंबे समय से वांछित चल रही महिला अभियुक्ता शीला पत्नी जनार्दन यादव ने आखिरकार न्यायालय के समक्ष आत्मसमर्पण कर दिया। माननीय न्यायालय सीजेएम संतकबीरनगर ने अभियुक्ता को न्यायिक अभिरक्षा में जिला कारागार भेज दिया है। इस हाई-प्रोफाइल मामले में पुलिस अब तक कुल 10 आरोपियों को सलाखों के पीछे भेज चुकी है।
क्या थी पूरी सनसनीखेज घटना ?
वादी रमाकान्त यादव पुत्र दयाराम यादव ने थाना कोतवाली खलीलाबाद में तहरीर देकर बताया था कि गत 22 सितंबर 2026 को उनके भाई ब्रह्मानंद यादव जब घर से गिढीनी बाजार जा रहे थे, तभी राकेश यादव के घर के सामने घात लगाए बैठे अभियुक्तों ने सुनियोजित तरीके से उनकी बुलेट बाइक रोक ली।
आरोपियों ने खौफनाक साजिश के तहत ब्रह्मानंद की आँखों में पिसा हुआ लाल मिर्च झोंक दिया, जिससे वे जमीन पर गिर पड़े। इसके बाद बेरहम हमलावरों ने लाठी-डंडों और धारदार हथियारों से उन पर ताबड़तोड़ हमला कर दिया। चीख-पुकार सुनकर मौके पर पहुंचे परिजनों ने पुलिस की 112 नंबर गाड़ी की मदद से उन्हें जिला अस्पताल पहुंचाया, जहां डॉक्टरों ने उन्हें मृत घोषित कर दिया था। इस दुस्साहसिक वारदात के बाद पूरे इलाके में सनसनी फैल गई थी।
पुलिस की ताबड़तोड़ कार्रवाई: अब तक 10 गिरफ्तार !
घटना के खुलासे के बाद एसपी संतकबीरनगर श्री संदीप कुमार मीना के निर्देशन और क्षेत्राधिकारी खलीलाबाद के पर्यवेक्षण में पुलिस ने शिकंजा कसना शुरू किया।
शुरुआती नामजद आरोपी: राकेश यादव, अजय यादव, अभिमन्यु और छविराम के खिलाफ मुकदमा दर्ज किया गया था।
गिरफ्तारी का सिलसिला:
विवेचना के दौरान प्रकाश में आए कुल 10 अभियुक्तों—राकेश यादव, अजय, अभिमन्यु, रामस्वरूप यादव, संजय यादव, सुरेंद्र यादव, योगेन्द्र यादव उर्फ योगी, रामललित यादव, बृजेश यादव और निशा पत्नी दुर्गेश यादव—को पुलिस पहले ही गिरफ्तार कर जेल भेज चुकी है।
शीला के सरेंडर के बाद बाकी बचे आरोपियों की तलाश तेज –
फरार चल रही अभियुक्ता शीला की गिरफ्तारी के लिए पुलिस लगातार दबिश दे रही थी। पुलिस के लगातार बढ़ते दबाव और गिरफ्तारी के खौफ से तंग आकर उसने न्यायालय के समक्ष आत्मसमर्पण कर दिया। पुलिस अधिकारियों का कहना है कि इस प्रकरण में बचे हुए अन्य शेष अभियुक्तों को भी जल्द ही गिरफ्तार कर लिया जाएगा, जिसके लिए पुलिस टीमें लगातार छापेमारी कर रही हैं।

