डीएम अनुज मलिक ने ग्राम बड़गो में किया क्रॉप कटिंग का निरीक्षण, 48 क्विंटल प्रति हेक्टेयर धान उपज का अनुमान।
संत कबीर नगर |
जिलाधिकारी अनुज मलिक ने शुक्रवार को तहसील खलीलाबाद अंतर्गत विकास खंड खलीलाबाद की ग्राम पंचायत बड़गो में रबी/खरीफ वर्ष 2026-27 के तहत फसल कटाई प्रयोग (क्रॉप कटिंग) का मौके पर पहुंचकर निरीक्षण किया।
डीएम ने चयनित कृषक गोविंद सिंह के खेत (गाटा संख्या 894) में पहुंचकर अधिसूचित फसल धान की कटाई का CCE Mobile App के माध्यम से पारदर्शी एवं सटीक आकलन कराया।

फसल उपज का हुआ सटीक आकलन –
निरीक्षण के दौरान तय मानक के अनुसार 43.3 वर्ग मीटर के प्लॉट में धान की कटाई कराई गई, जिसमें से 20.700 किलोग्राम उपज प्राप्त हुई। इस आधार पर क्षेत्र में धान की संभावित पैदावार 48.00 क्विंटल प्रति हेक्टेयर अनुमानित की गई है।
जिलाधिकारी ने संबंधित अधिकारियों को निर्देश दिए कि फसल कटाई प्रयोग के आंकड़ों की प्रविष्टि ऐप पर समय से और पूरी पारदर्शिता के साथ की जाए, ताकि किसानों को प्राकृतिक आपदा या अन्य क्षति की स्थिति में फसल बीमा योजना का समुचित लाभ मिल सके।

मौके पर मौजूद रहे अधिकारी –
फसल कटाई निरीक्षण के इस अवसर पर उप जिलाधिकारी खलीलाबाद हृदय राम तिवारी, जिला कृषि अधिकारी डॉ. सर्वेश कुमार यादव, अपर सांख्यिकीय अधिकारी ओमप्रकाश दुबे, राजस्व निरीक्षक चंद्र भूषण, राजस्व लेखपाल राधेश्याम, प्रधानमंत्री फसल बीमा योजना टीम के जिला समन्वयक अष्टभुजा सिंह, ब्लॉक समन्वयक अमित कुमार सिंह, सचिन वर्मा, देवेश कुमार सिंह, सभासद अरविंद कन्नौजिया सहित कई स्थानीय जनप्रतिनिधि एवं कृषक उपस्थित रहे।
