ग्राम पूरे प्रसाद सिंह का जिलाधिकारी राजेश कुमार पाण्डेय ने किया भ्रमण ।
बाढ़ का पानी उतरने के बाद के हालात का लिया जायज़ा ।सफाई अभियान संचालित करने तथा हेल्थ कैम्प लगाये जाने के दिये गये निर्देश ।
महिला स्वयं सहायता समूह से जुड़ेंगी ग्राम की महिलाएं।
ब्यूरो चीफ – दिलशाद अहमद
आज का भारत लाइव
बहराइच 21 सितम्बर।
बाढ़ का पानी उतरने के पश्चात बाढ़ प्रभावित क्षेत्रों में उत्पन्न परिस्थितियों का जायज़ा लेने के उद्देश्य से जिलाधिकारी राजेश कुमार पाण्डेय ने तहसील महसी अन्तर्गत ग्राम पूरे प्रसाद सिंह (खास) का भ्रमण कर हालात का जायज़ा लिया। ग्राम के निरीक्षण के दौरान डीएम ने घर-घर जाकर ग्रामवासियों से संवाद कर उनकी समस्याओं के बारे में जानकारी प्राप्त की तथा सरकार द्वारा संचालित विभिन्न जनकल्याणकारी योजनाओं जैसे आवास, विभिन्न प्रकार की पेंशन, शौचालय, शिक्षा, बिजली आपूर्ति व पाईप लाईन पेयजल योजना के माध्यम से जलापूर्ति इत्यादि के बारे में फीड बैक प्राप्त करते हुए मौके से ही सम्बन्धित अधिकारियों को आवश्यक दिशा निर्देश दिये गये।
ग्राम के भ्रमण के दौरान जिलाधिकारी ने पंचायत राज विभाग को निर्देश दिया कि पूरे प्रसाद सिंह सहित ऐसे सभी ग्राम जहां बाढ़ के पश्चात जल स्तर घट गया है, वहां पर अभियान संचालित कर पर्याप्त साफ-सफाई करायी जाय तथा आवश्यकतानुसार चूने का छिड़काव कराया जाय तथा जल स्रोतों को विसंक्रिमित करने की कार्यवाही की जाय। डीएम द्वारा चिकित्सा एवं स्वास्थ्य विभाग को निर्देश दिया गया कि ऐसे सभी क्षेत्रों में संक्रामक रोगों की प्रभावी रोक थाम के लिए गांव गांव चिकित्सा शिविर आयोजित कर ग्रामवासियों के स्वास्थ्य जांच कर उन्हें आवश्यक औषधियों का वितरण किया जाय तथा फागिंग व एण्टीलार्वा का छिड़काव भी कराया जाये। डीएम ने ग्राम की सभी गर्भवती महिलाओं को जननी सुरक्षा योजना से आच्छादित करने केे भी निर्देश दिये।

जिलाधिकारी द्वारा उप जिलाधिकारी महसी को निर्देशित किया गया कि ग्राम का सर्वे कराकर बाढ़ के दौरान भूमि की कटान का मूल्यांकन कर रिपोर्ट प्रस्तुत करें तथा बाढ़ की पूर्व की स्थिति के अनुसार भूमि का चिहांकन करा दिया जाय ताकि भूमि सम्बन्धित विवाद उत्पन्न न होने पायें। मौके पर मौजूद ग्रामवासियों द्वारा बताया गया कि उन्हें फसल क्षति का मुआवज़ा मिल चुका है। एसडीएम को यह भी निर्देश दिया गया कि खण्ड विकास अधिकारी के साथ बैठक कर ग्राम की महिलाओं को महिला स्वयं सहायता समूहों से जोड़ा जाय ताकि बाढ़ प्रभावित क्षेंत्रो की महिलाएं आर्थिक रूप से स्वावलम्बी बन सकें। मौके पर मौजूद लेखपाल छोटे लाल को निर्देश दिया गया कि वरासत से सम्बन्धित प्रकरण लम्बित न रहने पायें। इस अवसर पर उप जिलाधिकारी महसी राजेश कुमार अग्रवाल सहित अन्य सम्बन्धित मौजूद रहे।

