कजरी तीज को लेकर डीएम-एसपी ने बाबा बागेश्वरनाथ मंदिर व सरयू घाट का किया निरीक्षण !
श्रद्धालुओं की सुरक्षा और सुगम आवागमन को लेकर दिए आवश्यक दिशा-निर्देश !
ब्यूरो चीफ – दिलशाद अहमद
आज का भारत लाइव
बहराइच।
आगामी कजरी तीज पर्व को लेकर जिला प्रशासन और पुलिस ने तैयारियां तेज कर दी हैं। रविवार को नवागंतुक जिलाधिकारी राजेश कुमार पाण्डेय एवं पुलिस अधीक्षक विश्वजीत श्रीवास्तव ने बाबा बागेश्वरनाथ मंदिर पयागपुर तथा भग्गड़वा बाजार के पास स्थित सरयू घाट, मंदिर एवं तालाब परिसर का स्थलीय निरीक्षण किया। अधिकारियों ने पर्व के दौरान श्रद्धालुओं की संभावित भीड़ को देखते हुए सुरक्षा और सुविधाओं की व्यवस्थाओं का जायजा लिया तथा संबंधित अधिकारियों को आवश्यक दिशा-निर्देश दिए।

निरीक्षण के दौरान मंदिर परिसर, सरयू घाट और तालाब क्षेत्र में प्रवेश एवं निकास व्यवस्था, बैरिकेडिंग, पुलिस बल की तैनाती, आवागमन समेत अन्य व्यवस्थाओं की जानकारी ली गई। डीएम और एसपी ने श्रद्धालुओं की भीड़ को व्यवस्थित रखने तथा किसी भी प्रकार की अव्यवस्था से बचने के लिए प्रभावी भीड़ प्रबंधन सुनिश्चित करने के निर्देश दिए।

अधिकारियों ने यातायात व्यवस्था को सुचारु बनाए रखने, पर्याप्त पार्किंग व्यवस्था करने तथा आवश्यकता के अनुसार यातायात डायवर्जन की व्यवस्था सुनिश्चित करने को कहा। संवेदनशील स्थानों पर पर्याप्त पुलिस बल की तैनाती के साथ ही घाट और तालाब क्षेत्र में विशेष सतर्कता बरतने के निर्देश दिए गए। किसी भी आकस्मिक स्थिति से निपटने के लिए सभी आवश्यक तैयारियां समय से पूरी करने को कहा गया।

पुलिस अधीक्षक विश्वजीत श्रीवास्तव ने ड्यूटी पर तैनात पुलिसकर्मियों को श्रद्धालुओं की सुरक्षा एवं सुविधा को सर्वोच्च प्राथमिकता देने के निर्देश दिए। उन्होंने कहा कि भीड़भाड़ वाले स्थानों पर पुलिसकर्मी लगातार भ्रमणशील रहकर निगरानी रखें और शांति एवं कानून व्यवस्था बनाए रखने के लिए पूरी सतर्कता और संवेदनशीलता के साथ ड्यूटी करें।
इस दौरान अपर पुलिस अधीक्षक नगर आयुष विक्रम सिंह, अपर पुलिस अधीक्षक ग्रामीण दुर्गा प्रसाद तिवारी, क्षेत्राधिकारी पयागपुर हर्षिता तिवारी, स्थानीय थाना प्रभारी समेत पुलिस एवं प्रशासन के अन्य अधिकारी-कर्मचारी मौजूद रहे।

