दुर्गोत्सव की तैयारियों में जुटी महासमिति, 11 अक्टूबर से गूंजेगा जय माता दी का जयघोष !
सड़क, रास्ते और बिजली की समस्याएं 30 सितंबर तक बताने की अपील !
ब्यूरो चीफ – दिलशाद अहमद
आज का भारत लाइव
बहराइच।
मां दुर्गा की आराधना और भक्ति के महापर्व को भव्यता देने के लिए श्री मां दुर्गा हिन्दू पूजन महासमिति ने तैयारियों का बिगुल फूंक दिया है। आगामी 11 अक्टूबर से शुरू होने वाले दुर्गा पूजा महोत्सव को लेकर महासमिति की आवश्यक बैठक सलारगंज स्थित नवनिर्वाचित अध्यक्ष सुधाकर प्रसाद मिश्रा के आवास पर हुई। बैठक में प्रतिमा स्थापना, पूजा पंडाल, आवागमन के रास्ते, सड़क एवं विद्युत व्यवस्था समेत आयोजन से जुड़े विभिन्न मुद्दों पर मंथन किया गया। महासमिति ने जिला प्रशासन के सहयोग और सभी पूजा समितियों के समन्वय से पूरे जनपद में दुर्गोत्सव को श्रद्धा, उल्लास और भक्तिमय वातावरण में सम्पन्न कराने का संकल्प लिया।
11 अक्टूबर से गूंजेगा जय माता दी का जयघोष –
महासमिति के महामंत्री कन्हैया सोनी ने कहा कि आगामी 11 अक्टूबर से दुर्गा पूजा महोत्सव धूमधाम एवं हर्षोल्लास के साथ मनाया जाएगा। उन्होंने सभी दुर्गा पूजा उप समितियों से अपील की कि प्रतिमा स्थापना अथवा पूजा आयोजन को लेकर किसी भी प्रकार की समस्या हो तो 30 सितंबर तक महासमिति के पदाधिकारियों को अवगत कराएं, जिससे समय रहते संबंधित विभागों एवं जिला प्रशासन के सहयोग से समस्याओं का समाधान कराया जा सके।
सड़क, रास्ते और बिजली की समस्याओं पर रहेगी नजर-
महासमिति के अध्यक्ष सुधाकर प्रसाद मिश्रा ने कहा कि दुर्गा पूजा श्रद्धा, आस्था, सामाजिक एकता और सांस्कृतिक परंपराओं का महापर्व है। पूरे जनपद में इसे भव्य एवं भक्तिमय वातावरण में सम्पन्न कराने के लिए महासमिति प्रतिबद्ध है। उन्होंने पूजा समितियों से आग्रह किया कि प्रतिमा स्थापना स्थल, आवागमन के रास्ते, सड़क, प्रकाश व्यवस्था अथवा अन्य किसी भी समस्या की जानकारी तत्काल महासमिति को दें, ताकि समयबद्ध तरीके से समाधान की दिशा में प्रभावी पहल की जा सके।
उन्होंने कहा कि जिला प्रशासन के सहयोग एवं सभी पूजा समितियों के आपसी समन्वय से दुर्गा पूजा महोत्सव को शांतिपूर्ण, व्यवस्थित एवं उल्लासपूर्ण वातावरण में सम्पन्न कराया जाएगा। महासमिति के पदाधिकारी आयोजन की तैयारियों को लेकर सक्रिय हैं और सभी आवश्यक व्यवस्थाओं को समय से पूरा कराने में जुटे हुए हैं।बैठक में परशुराम कुशवाहा, चंद्रभान सिंह संचित,राम जी शुक्ला,सुरेश गुप्ता,दुर्गेश पाण्डेय, शिव शरण सिंह कसेरा,लव द्विवेदी, पवन जायसवाल, मीडिया प्रभारी सचिन श्रीवास्तव,युवराज यज्ञसैनी सहित अन्य पदाधिकारी एवं सदस्य मौजूद रहे।

सर्वसम्मति से सुधाकर प्रसाद मिश्रा को मिली महासमिति की कमान –
सर्वसुलभ, सरल एवं सौम्य व्यवहार के लिए पहचाने जाते हैं वरिष्ठ अधिवक्ता –
बहराइच। श्री मां दुर्गा हिन्दू पूजन महासमिति के पूर्व अध्यक्ष सुदामा मिश्रा के निधन के उपरांत महासमिति के विधि सलाहकार एवं वरिष्ठ अधिवक्ता सुधाकर प्रसाद मिश्रा को सर्वसम्मति से कार्यवाहक अध्यक्ष चुना गया। सलारगंज स्थित उनके आवास पर आयोजित बैठक में पदाधिकारियों एवं सदस्यों ने एकमत होकर उन्हें नई जिम्मेदारी सौंपी।
सर्वसुलभ एवं सौम्य व्यवहार के लिए पहचाने जाने वाले एडवोकेट सुधाकर प्रसाद मिश्रा के कार्यवाहक अध्यक्ष चुने जाने पर महासमिति के पदाधिकारियों ने विश्वास जताया कि उनके मार्गदर्शन में दुर्गा पूजा महोत्सव को और अधिक भव्यता, अनुशासन एवं आपसी समन्वय के साथ सम्पन्न कराया जाएगा। सदस्यों ने उन्हें शुभकामनाएं देते हुए आयोजन को सफल बनाने में पूर्ण सहयोग का भरोसा दिलाया।
