विस्थापित परिवारों के लिए विकसित किये जा रहे स्मार्ट ग्राम भरतपुर का डीएम ने किया निरीक्षण।
ब्यूरो चीफ – दिलशाद अहमद
आज का भारत लाइव
बहराइच 13 सितम्बर।
उत्तर प्रदेश के मा. मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ जी द्वारा की गई घोषणा के अनुपालन में कतर्नियाघाट वन्य जीव विहार की गोद में बसे जनपद के दूरस्थ ग्राम भरथापुर के विस्थापित परिवारों के लिए ग्राम सेमरहना में विकसित किये जा रहे स्मार्ट गांव भरतपुर का नवागंतुक जिलाधिकारी राजेश कुमार पाण्डेय ने मुख्य विकास अधिकारी सुनील कुमार धनवंता, अपर जिलाधिकारी अमित कुमार व अन्य अधिकारियों के साथ निरीक्षण कर प्रगति का जायज़ा लिया। उल्लेखनीय है कि जिला प्रशासन के मार्गदर्शन में ग्राम्य विकास, लोक निर्माण विभाग, विद्युत, जल निगम, बाल विकास एवं पुष्टाहार व बेसिक शिक्षा सहित अन्य विभाग अपने अपने हिस्से की आहूति डालकर भरथापुर ग्राम के विस्थापित परिवारों के लिए सभी सुविधाओं से सुसज्जित स्मार्ट ग्राम का निर्माण करने में निरन्तर अग्रसर हैं।

भरतपुर के निरीक्षण के दौरान पाया गया कि विस्थापित परिवारों के लिए निर्मित होने वाले 136 आवासों के सापेक्ष 30 आवासों की छत पड़ गई है। डीएम को जानकारी दी गई कि विस्थापित परिवारों को स्वास्थ्य सेवाएं उपलब्ध कराने हेतु निर्मित होने वाले प्राथमिक स्वास्थ्य केन्द्र हेतु भूमि चिन्हित कर ली गई तथा निर्माण कार्य के लिए टेण्डर प्रक्रिया भी पूर्ण कर ली गई है। डीएम द्वारा निर्देश दिया गया कि मा. मुख्यमंत्री जी मंशानुरूप सभी कार्यों को निर्धारित मानक एवं उच्च गुणवत्ता के साथ समयबद्ध ढंग से पूर्ण किया जाय। निरीक्षण के दौरान विद्युत, लोक निर्माण व अन्य सम्बन्धित विभागों द्वारा भी स्मार्ट ग्राम में सुविधाओं के विकास कार्य प्रगति पर है। डीएम ने सम्बन्धित अधिकारियों को निर्देश ग्राम की महिलाओं को रोज़गार से जोड़ने का प्रयास किया जाय। इस अवसर पर उप जिलाधिकारी मिहींपुरवा (मोतीपुर) मोनालिसा जौहरी, अधि.अभि. लो.नि.वि. प्रा.ख. प्रदीप कुमार, जिला पंचायत राज अधिकारी चन्द्रभान सिंह, तहसीलदार व खण्ड विकास अधिकारी सहित अन्य विभागों के अधिकारी मौजूद रहे।

