डीएम की अध्यक्षता में सम्पन्न हुई जिला स्तरीय शान्ति समिति की बैठक!
ब्यूरो चीफ – दिलशाद अहमद
आज का भारत लाइव
बहराइच 24 अगस्त।
बारावफात, रक्षाबंधन, गणेश चतुर्थी व अन्य आसन्न त्यौहारों को शान्तिपूर्ण ढंग से सम्पन्न कराये जाने के उद्देश्य से कलेक्ट्रेट सभागार में जिला शान्ति समिति की बैठक सम्पन्न हुई। बैठक के दौरान जिलाधिकारी अक्षय त्रिपाठी व पुलिस अधीक्षक विश्वजीत श्रीवास्तव ने विभिन्न समिति के पदाधिकारियों व आमजन से अपील की है कि परम्परागत ढंग से सौहार्दपूर्ण वातावरण में त्यौहारों को मनायें तथा शान्ति व्यवस्था के सम्बन्ध में यदि कहीं से कोई भी सूचना प्राप्त हो तो उसे तत्काल जिम्मेदार अधिकारियों के संज्ञान में अवश्य लायें।
जिलाधिकारी ने कहा कि जिले की कानून एवं शान्ति व्यवस्था को लेकर जिला प्रशासन पूरी तरह से संजीदा है। जिलाधिकारी ने कहा कि उन्हें आशा ही नहीं पूर्ण विश्वास है कि सभी के सहयोग से पूर्व की भांति आगामी त्यौहार भी सौहार्दपूर्ण वातावरण में सम्पन्न होंगे। डीएम ने कहा कि बारावफात के दृष्टिगत रूट का चिन्हाकन कर लिया जाय। साथ ही अधिशासी अभियन्ता विद्युत को निर्देश दिया कि बारावफात के मार्गाे पर बिजली के तार को भी सही करा लिया जाय।
डीएम ने कहा कि बैठक के दौरान संभ्रान्तजनों की ओर से बिजली, पानी, साफ-सफाई, जुलूस मार्गों व प्रकाश व्यवस्था के सम्बन्ध में प्राप्त हुए सुझावों के अनुसार जनपद में माकूल बन्दोबस्त सुनिश्चित कराये जायेंगे। डीएम ने नगर निकायों, पंचायती राज, विद्युत विभाग के अधिकारियों को निर्देश दिया कि निर्बाध विद्युत आपूर्ति एवं पेयजल आपूर्ति के साथ-साथ जुलूस मार्गों व धार्मिक स्थलों तथा उसके आस-पास के क्षेत्रों में समुचित सफाई व्यवस्था सुनिश्चित की जाय।
बैठक के दौरान पुलिस अधीक्षक विश्वजीत श्रीवास्तव ने कहा कि त्यौहारों के दौरान गुड पुलिसिंग व्यवस्था रहेगी। संवेदनशील तथा अतिसंवेदनशील स्थानों पर पर्याप्त संख्या में पुलिस बल की तैनाती की जायेगी और कानून के साथ खिलवाड़ करने वालों के विरूद्ध कड़ी कार्रवाई की जायेगी। उन्होंने लोगों से अपील की कि ऐसा कार्य न करें कि जिससे एक दूसरे समुदाय की भावनाएं आहत हों। त्यौहारों के दौरान शान्ति व्यवस्था बनाये रखने के लिए पुलिस अधीक्षक ने सभी से सहयोग प्रदान करने की अपील की है। बैठक के दौरान पूर्व नगर पालिका अध्यक्ष तेजे खां, कल्बे अब्बास, डिम्पल जैन, निषा गुप्ता, इनायत उल्लाह खां, परशुराम कुशवाहा सहित अन्य संभ्रान्तजनों द्वारा बिजली, पानी, साफ-सफाई, प्रकाश व्यवस्था, इत्यादि के सम्बन्ध मंे महत्वपूर्ण सुझाव दिये गये।
इस अवसर पर अपर अपर पुलिस अधीक्षक नगर आयुष विक्रम सिंह व ग्रामीण के दुर्गा प्रसाद तिवारी, उपजिलाधिकारी सदर अमन देओल, कैसरगंज के प्रशान्त कुमार नायक, पुलिस क्षेत्राधिकारी तथा थानाध्यक्ष व अन्य अधिकारी, राजेन्द्र गुप्ता, सुधाकर मिश्रा, दीप सोनी दाऊ जी सहित अन्य संभ्रान्तजन, आयोजन समिति के पदाधिकारी व जनपद के विभिन्न क्षेत्रों से आये हुए संभ्रान्तजन मौजूद रहे।
