बहराइच- स्कूल की छत पर बैठा लंगूर, कस्बे में दहशत का माहौल
ब्यूरो चीफ – दिलशाद अहमद
आज का भारत लाइव
रिसिया-बहराइच।
कस्बा रिसिया में इन दिनों एक लंगूर लोगों के लिए परेशानी का सबब बना हुआ है। सोमवार को लंगूर गायत्री नगर स्थित प्राथमिक विद्यालय की छत पर काफी देर तक बैठा रहा। इससे पहले उसने एक परचून की दुकान पर बैठे व्यक्ति पर हमला करने का प्रयास किया। दुकानदार की सतर्कता के चलते वह बाल-बाल बच गया, लेकिन लंगूर ने दुकान में काफी उत्पात मचाया और चिप्स व नमकीन के पैकेट लेकर विद्यालय की छत पर जा बैठा।
स्थानीय लोगों के अनुसार यह लंगूर अब तक कई लोगों को घायल कर चुका है। कभी वह ऑटो पर चढ़ जाता है तो कभी भागकर पेड़ और दीवार पर जा चढ़ता है। वन विभाग की टीम द्वारा उसे पकड़ने के प्रयास किए जा रहे हैं, लेकिन अभी तक सफलता नहीं मिल सकी है।
लंगूर के आतंक से विद्यालय जाने वाले छात्र-छात्राओं के साथ राहगीरों में भी भय का माहौल है। स्थानीय निवासी अनंत श्रीवास्तव, संजय कश्यप, शोभाराम, माधव श्रीवास्तव और मनीष गुप्ता सहित अन्य लोगों ने जिला प्रशासन से टीम गठित कर लंगूर को जल्द पकड़वाने की मांग की है।
वन रक्षक शिवम पाण्डेय ने बताया कि विभाग की टीम लंगूर को पकड़ने के लिए लगातार प्रयास कर रही है। उन्होंने लोगों से अपील की कि जहां भी लंगूर दिखाई दे, वहां शांति बनाए रखें और तत्काल वन विभाग को सूचना दें।
