पुलिस की भव्य तिरंगा यात्रा ने जगाया राष्ट्रभक्ति का जज्बा।
- एसपी विश्वजीत श्रीवास्तव के नेतृत्व में निकली यात्रा, राष्ट्रीय एकता और तिरंगे के सम्मान का दिया संदेश।
ब्यूरो चीफ – दिलशाद अहमद
आज का भारत लाइव
बहराइच।
स्वतंत्रता दिवस के अवसर पर “हर घर तिरंगा” अभियान को लेकर 14 अगस्त को बहराइच पुलिस द्वारा भव्य तिरंगा यात्रा निकाली गई। पुलिस अधीक्षक विश्वजीत श्रीवास्तव के नेतृत्व में आयोजित यात्रा में पुलिस अधिकारियों एवं कर्मचारियों ने हाथों में तिरंगा लेकर देशभक्ति और राष्ट्रीय एकता का संदेश दिया।

तिरंगा यात्रा पुलिस लाइन बहराइच से शुरू होकर अस्पताल चौराहा, पानी टंकी चौराहा होते हुए पुनः पुलिस लाइन पहुंचकर सम्पन्न हुई। यात्रा के दौरान देशभक्ति के गीतों के बीच पुलिसकर्मियों ने आमजन को राष्ट्रीय ध्वज के प्रति सम्मान, राष्ट्रप्रेम और देश की एकता-अखंडता के प्रति जागरूक किया।

यात्रा में अपर पुलिस अधीक्षक नगर आयुष विक्रम सिंह, अपर पुलिस अधीक्षक ग्रामीण दुर्गा प्रसाद तिवारी, समस्त क्षेत्राधिकारीगण, प्रतिसार निरीक्षक सहित पुलिस विभाग के अधिकारी एवं कर्मचारी उत्साहपूर्वक शामिल हुए।

इस दौरान पुलिस अधीक्षक विश्वजीत श्रीवास्तव ने कहा कि “हर घर तिरंगा” अभियान का उद्देश्य प्रत्येक नागरिक के मन में राष्ट्रभक्ति, राष्ट्रीय एकता और देश के प्रति कर्तव्यबोध की भावना को मजबूत करना है। तिरंगा देश की एकता, अखंडता और गौरव का प्रतीक है।

उन्होंने जनपदवासियों से स्वतंत्रता दिवस पर अपने घरों, प्रतिष्ठानों और संस्थानों पर सम्मानपूर्वक तिरंगा फहराने तथा “हर घर तिरंगा” अभियान को सफल बनाने में सक्रिय सहभागिता करने की अपील की। उन्होंने कहा कि राष्ट्रहित को सर्वोपरि रखते हुए सभी नागरिक देश की प्रगति में अपनी भूमिका निभाएं।
तिरंगा यात्रा के दौरान पुलिसकर्मियों का उत्साह और हाथों में लहराता राष्ट्रीय ध्वज लोगों के बीच आकर्षण का केंद्र रहा और पूरे मार्ग पर राष्ट्रभक्ति का माहौल दिखाई दिया।
