संत रविदास की कलश यात्रा का समसा तरहर में भव्य स्वागत, ब्लॉक प्रमुख प्रतिनिधि ने किया पूजन।
ब्यूरो चीफ – दिलशाद अहमद
आज का भारत लाइव
बहराइच-
रिसिया, क्षेत्र के समसा तरहर गांव में सोमवार को संत शिरोमणि गुरु रविदास जी की कलश यात्रा के आगमन पर श्रद्धा और उत्साह का माहौल देखने को मिला। गांव स्थित संत रविदास मंदिर परिसर में विधि-विधान के साथ कलश पूजन किया गया। बड़ी संख्या में श्रद्धालुओं ने कलश यात्रा का स्वागत कर संत रविदास के बताए मार्ग पर चलने का संकल्प लिया।
ब्लॉक प्रमुख प्रतिनिधि संजय जायसवाल कलश लेकर मंदिर पहुंचे और विधिवत पूजन-अर्चन किया। इस अवसर पर मुख्य अतिथि स्वाति तिवारी ने संत रविदास के जीवन, उनके सामाजिक समरसता, समानता और मानवता के संदेश पर विस्तार से प्रकाश डालते हुए कहा कि संत रविदास ने समाज को जाति-पांति से ऊपर उठकर प्रेम, सद्भाव और सेवा का मार्ग दिखाया।

इस दौरान ब्लॉक प्रमुख प्रतिनिधि संजय जायसवाल ने कहा कि संत रविदास केवल एक संत नहीं, बल्कि सामाजिक चेतना और समता के महान प्रतीक थे। उनके विचार आज भी समाज को एकता, भाईचारे और समानता का संदेश देते हैं। हमें उनके आदर्शों को अपने जीवन में अपनाकर समाज में सौहार्द और सद्भाव को मजबूत करना चाहिए।
कलश यात्रा समसा तरहर के अलावा बरई बिलासा, मझौवा बुजुर्ग और नरसिंहडीहा गांव भी पहुंची, जहां श्रद्धालुओं ने पुष्पवर्षा कर कलश का स्वागत किया और पूजन-अर्चन किया। कार्यक्रम में महेश अग्रवाल, अरविंद गुप्ता, प्रेम वर्मा, जिलजीत तिवारी सहित बड़ी संख्या में श्रद्धालु उपस्थित रहे।
