परिवार परामर्श केंद्र ने बचाए तीन परिवार, आपसी सुलह से खत्म हुआ विवाद।
ब्यूरो चीफ – दिलशाद अहमद
आज का भारत लाइव
बहराइच ।
पुलिस अधीक्षक विश्वजीत श्रीवास्तव के निर्देशन में संचालित परिवार परामर्श केंद्र ने सोमवार को आपसी पारिवारिक विवादों का सफल समाधान कर तीन परिवारों को टूटने से बचा लिया। दोनों पक्षों की सहमति से समझौता होने पर परिवारों ने भविष्य में प्रेम व सौहार्द के साथ रहने का संकल्प लिया।
पुलिस कार्यालय स्थित परिवार परामर्श केंद्र में प्राप्त प्रार्थना पत्रों के आधार पर दोनों पक्षों को बुलाकर उनकी समस्याएं विस्तार से सुनी गईं। केंद्र की टीम ने आपसी संवाद और काउंसलिंग के माध्यम से मतभेद दूर कराए। समझाइश के बाद सभी पक्ष आपसी सहमति पर पहुंचे और भविष्य में लड़ाई-झगड़ा न करने तथा पारिवारिक जिम्मेदारियों का निर्वहन करते हुए साथ रहने की बात कही।

समझौता होने के बाद परिवार परामर्श केंद्र की ओर से दोनों पक्षों को आपसी सामंजस्य बनाए रखने और परिवार की खुशहाली के लिए मिलकर दायित्व निभाने की सलाह दी गई।
इस दौरान समझौता कराने वाली टीम में उपनिरीक्षक रमा शंकर मिश्रा, मुख्य महिला आरक्षी संगीता यादव तथा महिला आरक्षी निशी त्रिवेदी, छाया द्विवेदी, अनन्या सिंह और सविता मिश्रा शामिल रहीं।

