बहराइच में कृषि निर्यात संवर्धन हेतु क्षमता संवर्धन कार्यक्रम आयोजित।
ब्यूरो चीफ – दिलशाद अहमद
आज का भारत लाइव
बहराइच-
कृषि विपणन एवं कृषि विदेश व्यापार विभाग, उत्तर प्रदेश तथा कृषि एवं प्रसंस्कृत खाद्य उत्पाद निर्यात विकास प्राधिकरण (एपीडा) के संयुक्त तत्वावधान में जनपद बहराइच में कृषि निर्यात संवर्धन विषयक क्षमता संवर्धन कार्यक्रम का आयोजन किया गया। कार्यक्रम में एफपीओ प्रतिनिधियों, प्रगतिशील कृषकों एवं कृषि विभाग के अधिकारियों ने सहभागिता की। कार्यक्रम में कृषि विपणन एवं कृषि विदेश व्यापार के मंडलीय अधिकारी डॉ. अमित यादव ने जनपद में सूरन (याम), केला, मक्का सहित निर्यातोन्मुख फसलों के क्लस्टर विकास, उत्तर प्रदेश कृषि निर्यात नीति, गुड एग्रीकल्चरल प्रैक्टिसेज तथा विभिन्न गुणवत्ता प्रमाणनों पर विस्तार से जानकारी दी। उन्होंने बहराइच जनपद में सूरन, केला, जीआई टैग प्राप्त कालानमक चावल, मक्का एवं कृषि आधारित मूल्य संवर्धित उत्पादों के निर्यात की व्यापक संभावनाओं पर प्रकाश डाला। उप कृषि निदेशक श्री विनय कुमार वर्मा ने किसानों के समक्ष आने वाली चुनौतियों के समाधान एवं कृषि क्षेत्र में संचालित विभिन्न शासकीय योजनाओं की जानकारी दी। नाबार्ड के जिला विकास प्रबंधक ने कृषि अवसंरचना निधि तथा एफपीओ के लिए उपलब्ध वित्तीय सहायता एवं ऋण सुविधाओं पर विस्तृत जानकारी साझा की। एपीडा से सत्येन्द्र सिंह लोधी ने एग्रीएक्सचेंज पोर्टल के माध्यम से अंतरराष्ट्रीय बाजार विश्लेषण, डीजीएफटी पोर्टल से आईईसी एवं आरसीएमसी प्राप्त करने की प्रक्रिया तथा हॉर्टीनेट प्रमाणन संबंधी जानकारी प्रदान की। मक्का के विपणन के लिए नवकृषि नेटवर्क परियोजना के अंतर्गत आशीष यादव ने भी परियोजना की जानकारी साझा की, कार्यक्रम का समापन ज्येष्ठ कृषि विपणन निरीक्षक दिवाकर शुक्ला द्वारा धन्यवाद ज्ञापन के साथ हुआ।

