आंगनवाड़ी कार्यकत्रियों को स्मार्ट मोबाइल एवं नव नियुक्त सहायिकाओं को वितरित किए गए नियुक्ति पत्र।।
ब्यूरो चीफ – दिलशाद अहमद
आज का भारत लाइव
रिसिया, बहराइच।
बाल विकास सेवा एवं पुष्टाहार विभाग के तत्वावधान में विकास खंड रिसिया के सभागार में आंगनवाड़ी कार्यकत्रियों को स्मार्ट मोबाइल एवं नव नियुक्त आंगनवाड़ी सहायिकाओं को नियुक्ति पत्र वितरित करने के लिए एक गरिमामय कार्यक्रम का आयोजन किया गया। कार्यक्रम का उद्देश्य महिला एवं बाल विकास योजनाओं को और अधिक प्रभावी बनाना तथा आंगनवाड़ी सेवाओं को तकनीक से जोड़कर शासन की योजनाओं का लाभ अंतिम व्यक्ति तक पहुंचाना रहा।

कार्यक्रम में मुख्य अतिथि के रूप में रिसिया ब्लॉक प्रमुख प्रतिनिधि संजय जायसवाल तथा विशिष्ट अतिथि महेश अग्रवाल उपस्थित रहे। कार्यक्रम की अध्यक्षता खंड विकास अधिकारी सचिन भारतीय ने की। कार्यक्रम का संचालन बाल विकास परियोजना अधिकारी (सीडीपीओ) शमां परवीन ने किया।
अपने संबोधन में मुख्य अतिथि संजय जायसवाल ने कहा कि आंगनवाड़ी कार्यकत्रियां एवं सहायिकाएं समाज में मातृ एवं शिशु स्वास्थ्य, कुपोषण मुक्ति तथा बच्चों के सर्वांगीण विकास में महत्वपूर्ण भूमिका निभाती हैं। उन्होंने नव नियुक्त सहायिकाओं को शुभकामनाएं देते हुए पूरी निष्ठा, ईमानदारी और सेवा भाव के साथ कार्य करने का आह्वान किया। उन्होंने कहा कि सरकार द्वारा उपलब्ध कराए जा रहे स्मार्ट मोबाइल से विभागीय कार्यों में पारदर्शिता आएगी तथा योजनाओं के क्रियान्वयन में गति मिलेगी।
अध्यक्षीय उद्बोधन में खंड विकास अधिकारी सचिन भारतीय ने कहा कि शासन की मंशा के अनुरूप प्रत्येक पात्र लाभार्थी तक योजनाओं का लाभ पहुंचाना सभी की जिम्मेदारी है। उन्होंने नव नियुक्त सहायिकाओं से अपेक्षा की कि वे अपने दायित्वों का पूरी जिम्मेदारी के साथ निर्वहन करें तथा क्षेत्र की गर्भवती महिलाओं, धात्री माताओं एवं बच्चों को विभागीय योजनाओं का अधिकतम लाभ दिलाने में सक्रिय भूमिका निभाएं।
कार्यक्रम के दौरान मुख्य अतिथि द्वारा रीना वर्मा, ममता देवी, प्रियंका यादव, एजा सिद्दीकी, रीना देवी, खुशनुमा बानो, पूजा देवी, ममता वर्मा, कुमकुम आर्य एवं हेमलता को आंगनवाड़ी सहायिका के नियुक्ति पत्र वितरित किए गए। वहीं सालमा खातून, मैसरूनिशा एवं सूफिया को विभागीय कार्यों के संचालन हेतु स्मार्ट मोबाइल प्रदान किए गए।

सीडीपीओ शमां परवीन ने कहा कि स्मार्ट मोबाइल के माध्यम से पोषण ट्रैकर सहित विभाग की विभिन्न ऑनलाइन सेवाओं का संचालन और अधिक सुगम होगा। इससे लाभार्थियों का विवरण समयबद्ध तरीके से अपडेट किया जा सकेगा तथा शासन की योजनाओं की निगरानी भी बेहतर ढंग से हो सकेगी।
कार्यक्रम का समापन सभी नव नियुक्त सहायिकाओं एवं आंगनवाड़ी कार्यकत्रियों को शुभकामनाएं देते हुए किया गया। इस अवसर पर एडीओ डब्लू ज्योति सिंह, शिखा, सुषमा त्रिपाठी, मंजू वर्मा, सीमा सिंह, वंदना यादव, ओमकार जायसवाल सहित विभागीय कर्मचारी, आंगनवाड़ी कार्यकत्रियां, सहायिकाएं एवं बड़ी संख्या में गणमान्य नागरिक उपस्थित रहे। कार्यक्रम पूरे उत्साह एवं गरिमामय वातावरण में संपन्न हुआ।
