‘एक पेड़ मां के नाम’- पुलिस लाइन में वृक्षारोपण, सुरक्षा के साथ पर्यावरण संरक्षण का संकल्प!
संतकबीर नगर-
आज दिनांक 12.07.2026 को पुलिस अधीक्षक संतकबीर नगर संदीप कुमार मीना द्वारा अपर पुलिस अधीक्षक संतकबीर नगर सुशील कुमार सिंह की उपस्थिति में रिजर्व पुलिस लाइन परिसर में “एक पेड़ माँ के नाम” अभियान के अंतर्गत वृक्षारोपण किया गया। इस अवसर पर उपस्थित सभी अधिकारियों एवं कर्मचारियों को पर्यावरण संरक्षण तथा लगाए गए पौधों की नियमित देखभाल का संकल्प भी दिलाया गया।

अभियान के तहत जनपद के समस्त थाना एवं चौकी परिसरों में प्रभारी निरीक्षक, थानाध्यक्ष एवं चौकी प्रभारियों द्वारा फलदार, छायादार एवं औषधीय पौधों का रोपण किया गया। कार्यक्रम में जनपद पुलिस के अधिकारियों एवं कर्मचारियों ने उत्साहपूर्वक सहभागिता करते हुए पर्यावरण संरक्षण के इस जनहितकारी अभियान को सफल बनाया।

इस अवसर पर पुलिस अधीक्षक महोदय ने कहा कि वृक्ष पृथ्वी का अमूल्य धरोहर हैं। वे न केवल पर्यावरण को संतुलित रखते हैं, बल्कि शुद्ध ऑक्सीजन प्रदान कर मानव जीवन को सुरक्षित एवं स्वस्थ बनाते हैं। प्रत्येक पौधा एक जीवन के समान है, इसलिए उसका रोपण करने के साथ-साथ उसकी नियमित देखभाल करना भी हम सभी का नैतिक दायित्व है। उन्होंने सभी पुलिसकर्मियों से अपील की कि लगाए गए पौधों का संरक्षण करें, ताकि भविष्य में वे विकसित होकर जनपद को अधिक हरित, स्वच्छ एवं प्रदूषणमुक्त बनाने में महत्वपूर्ण योगदान दे सकें।

कार्यक्रम के दौरान क्षेत्राधिकारी खलीलाबाद प्रियम राजशेखर पाण्डेय, प्रतिसार निरीक्षक रामबली यादव, पीआरओ पुलिस अधीक्षक मनीष जायसवाल सहित जनपद पुलिस के अन्य अधिकारी एवं कर्मचारी उपस्थित रहे।

