जालसाजी का शिकार कैंसर पीड़ित को एक माह बाद भी नही मिला न्याय ।
– जालसाजों ने पीड़ित की मजबूरी का फायदा उठाकर लोन पर ले लिया ट्रैक्टर ।
धनघटा, सन्तकबीर नगर ।
धनघटा थाने का चक्कर लगा रहे कैंसर पीड़ित को एक माह बाद भी न्याय नही मिल सका है। जालसाजों ने गुमराह कर पीड़ित के आधारकार्ड, पैन कार्ड व बैक खाते में फर्जी तरीके से अपना नम्बर लिंक कराया। बाद में पीड़ित को सरकारी मदद का झांसा देकर जालसाजों ने कूटरचित दस्तावेज की मदद से एक ट्रैक्टर (महेंद्रा नौगो) लोन पर लेकर अपने घर ले गए। कुछ दिन गुजरने के बाद जब किसी प्रकार की सरकारी आर्थिक मदद नही मिली तो जालसाजी की परत एक के बाद खुलती गयी। जालसाजी का यह मामला धनघटा थाना क्षेत्र सिसवा का है। गांव निवासी राजू शंकर मुंबई में रहकर नौकरी करते थे। वही पर रहते हुए राजू कैंसर की बीमारी की चपेट में आया। इलाज कराने के बाद राजू तीन माह पूर्व घर पर आ गया। बीमारी के चलते राजू की आवाज गायब हो गयी। पिछले माह दस जून को धनघटा थाने पर दी तहरीर में पीड़ित राजू की पत्नी ने बताया कि जालसाजों ने पति के इलाज हेतु सरकारी सहायता एवं अनुदान दिलाने का झूठा आश्वासन दिया। मेरे पति के आधार कार्ड, पैन कार्ड व बैक खाते में अपना मोबाइल नंबर दर्ज करा लिया। बाद में जानकारी हुई कि जालसाज ने छल एवं धोखाधड़ी करते हुए मेरे पति के नाम पर महिंद्रा नोवो ट्रैक्टर फाइनेंस करवा लिया। लेकिन पीड़ित पक्ष की तहरीर पर धनघटा पुलिस आरोपी के विरुद्ध कोई कार्रवाई नही की। थाने का चक्कर लगाने के बाद थक हार पीड़ित ने 20 जून को एसपी से न्याय की गुहार लगाई। एसपी ने सीओ धनघटा को जांच आख्या देने का निर्देश दिया। लेकिन 20 दिन गुजरने के बाद भी आरोपी के विरुद्ध पुलिसिया कार्रवाई नही हुई। पिछले एक माह से पीड़ित की तहरीर पर कार्रवाई के नाम पर सिर्फ कागजी घोड़ा दौड़ाया जा रहा है।
इस संबन्ध में सीओ धनघटा अभयनाथ मिश्र ने बताया कि मामले की जांच पड़ताल की जा रही है। शीघ्र आख्या रिपोर्ट एसपी को भेज दी जाएगी।
