60 लाख कीमत के 161 गुमशुदा मोबाइल बरामद । संतकबीर नगर पुलिस को मिली बड़ी कामयाबी, मोबाइल स्वामियों की लौटाई चेहरे की मुस्कान।
संतकबीर नगर-
आज दिनांक 11 जुलाई 2026 को संतकबीरनगर पुलिस ने एक सराहनीय पहल करते हुए गुमशुदा मोबाइल स्वामियों के चेहरों पर फिर से मुस्कान लौटा दी है। पुलिस टीम ने अथक प्रयासों और तकनीकी विश्लेषण के माध्यम से 161 गुमशुदा एंड्रॉयड मोबाइल फोन बरामद किए हैं, जिनकी अनुमानित कीमत लगभग ₹60 लाख है।

CEIR पोर्टल और सर्विलांस टीम की सक्रियता-
पुलिस अधीक्षक श्री संदीप कुमार मीना के कुशल निर्देशन में, सर्विलांस टीम ने CEIR (Central Equipment Identity Register) पोर्टल और CCTNS प्रणाली का प्रभावी उपयोग किया। IMEI और सिम संबंधी तकनीकी जानकारी के आधार पर पुलिस ने न केवल जनपद से, बल्कि देश के विभिन्न राज्यों जैसे—दिल्ली, लखनऊ, बेंगलुरु, तमिलनाडु, मुंबई, बिहार, गुजरात, आंध्र प्रदेश, राजस्थान और तेलंगाना से भी इन मोबाइलों को ट्रेस किया।

पुलिस के अनुसार, बरामद किए गए अधिकांश मोबाइल फोन अन्य राज्यों में पाए गए थे। संबंधित राज्यों की पुलिस के साथ समन्वय स्थापित कर इन सभी 161 मोबाइलों को उनके वास्तविक स्वामियों तक पहुँचाने की प्रक्रिया शुरू कर दी गई है। मोबाइल वापस मिलने की सूचना से स्वामियों में खुशी की लहर है और उन्होंने संतकबीरनगर पुलिस का आभार व्यक्त किया है।
इस सफल अभियान को अंजाम देने वाली सर्विलांस सेल और विभिन्न थानों की पुलिस टीम की मेहनत को देखते हुए, पुलिस अधीक्षक संदीप कुमार मीना ने टीम के उत्साहवर्धन के लिए ₹25,000 के नकद पुरस्कार की घोषणा की है।

प्रेस वार्ता के दौरान पुलिस अधीक्षक संदीप कुमार मीना द्वारा नागरिकों को सलाह दी है कि यदि उनका मोबाइल गुम या चोरी हो जाए, तो वे तुरंत CEIR.GOV.IN पोर्टल पर शिकायत दर्ज कराएं।
इसके माध्यम से मोबाइल के IMEI को ब्लॉक और ट्रेस किया जा सकता है।
शिकायत के लिए निम्नलिखित दस्तावेज आवश्यक हैं:-
* पहचान पत्र (जैसे कि [आधार कार्ड])
* मोबाइल खरीद का बिल (यदि उपलब्ध हो)
* थाने में दर्ज गुमशुदगी या एफआईआर की प्रति
* मोबाइल का मॉडल नंबर
