जल आपूर्ति लाइन पर अवैध पंप का बोलबाला, पेयजल के लिए जूझ रहे ग्रामीण।
ब्यूरो रिपोर्ट – के0 पी0 मौर्य
संत कबीर नगर:-
जनपद के खलीलाबाद थाना क्षेत्र के अंतर्गत ग्राम बयारा – मोहनबरा के निवासी इन दिनों गंभीर जल संकट से जूझ रहे हैं।आज दिनांक 02 जुलाई 2026 को ग्रामीणों ने जिलाधिकारी को एक प्रार्थना पत्र देकर आरोप लगाया है कि क्षेत्र के कुछ लोगों द्वारा पेयजल आपूर्ति पाइपलाइन पर अवैध रूप से मोटर पंप लगाकर धान की रोपाई की जा रही है।
# आपको बताते चलें कि –
ग्रामीणों के कथनानुसार पानी के इस अनियंत्रित दोहन के कारण पाइपलाइन के अंतिम छोर तक पर्याप्त मात्रा में पानी नहीं पहुँच पा रहा है। इसका सीधा असर आम जनता पर पड़ा है, जिन्हें दैनिक उपयोग और पेयजल के लिए भारी असुविधा का सामना करना पड़ रहा है।
ग्रामीणों का कहना है कि पंपों के अत्यधिक उपयोग से न केवल जल आपूर्ति की व्यवस्था पूरी तरह से चरमरा गई है, बल्कि क्षेत्र में हाहाकार की स्थिति उत्पन्न हो गई है।
# प्राइवेट नलों से पानी आना बिल्कुल ना के बराबर हो गया है।प्रशासन से तत्काल कार्रवाई की मांग-
अपनी समस्या को लेकर ग्रामवासियों ने एकजुट होकर जिलाधिकारी से गुहार लगाई है। ग्रामीणों ने मांग की है कि प्रशासन इस पूरे मामले की गंभीरता से जांच करे और अवैध रूप से पंप लगाने वाले व्यक्तियों के विरुद्ध सख्त कानूनी कार्रवाई करे। साथ ही, उन्होंने क्षेत्र में सुचारू जल आपूर्ति को फिर से बहाल करने की अपील की है ताकि आम लोगों को राहत मिल सके।
इस मामले में प्रशासन द्वारा क्या कदम उठाए जाते हैं, यह देखना शेष है।
