पीएम सूर्य घर मुफ्त बिजली योजना की समीक्षा बैठक सम्पन्न।
स्वीकृत पत्रावलियों की धनराशि 02 दिवस में अवमुक्त करें बैंक: डीएम।
ब्यूरो चीफ – दिलशाद अहमद
आज का भारत लाइव
बहराइच 22 जून। पीएम सूर्य घर मुफ्त बिजली योजना अन्तर्गत प्राप्त आवेदनों, स्वीकृत आवेदनों, स्थापित संयंत्रों, लंबित प्रकरणों तथा डीसीआर अपलोड की स्थिति की समीक्षा के लिए कलेक्ट्रेट सभागार में जिलाधिकारी अक्षय त्रिपाठी की अध्यक्षता में बैठक सम्पन्न हुई। डीएम ने योजना की प्रगति पर असंतोष व्यक्त करते हुए सभी संबंधित अधिकारियों को योजना के अंतर्गत अधिक से अधिक आवेदन प्राप्त कर वेंडर चयन की प्रक्रिया में प्रगति लाने के निर्देश दिये। डीएम ने वेंडर्स को निर्देश दिया कि कार्य में तेज़ी लाकर लक्ष्य के अनुरूप प्रगति सुनिश्चित करें।
डीएम ने जिला पंचायत राज अधिकारी तथा नगर निकायों के अधिशासी अधिकारियों को निर्देश दिया कि ग्राम प्रधानों व सभासदों के साथ बैठक आयोजित कर उन्हें अपने अपने घरों तथा ग्रामवासियों व वार्डवासियों को सोलर पैनल स्थापना के लिए प्रेरित किया जाय। डीएम ने यह भी निर्देश दिया कि जिले के ऐसे अधिकारी व कर्मचारी जिनके जनपद में खुद के निजी आवास हैं उन्हें भी सोलर पैनल स्थापना के लिए प्रोत्साहित किया जाय। डीएम ने योजना की समीक्षा के लिए पुनः 29 जून बैठक आहूत किये जाने का भी निर्देश दिया। विद्युत विभाग से सम्बन्धित वेंडर्स की समस्याओं के समाधान हेतु विद्युत विभाग प्रत्येक पखवाड़े में तथा बैंकों से सम्बन्धित समस्याओं के समाधान हेतु प्रत्येक शुक्रवार को पूर्ववत् बैठक आयोजित किये जाने के भी निर्देश दिये गये।
डीएम ने बैंकों को निर्देश दिया कि स्वीकृत पत्रावलियों की धनराशि 02 दिवस में अवमुक्त कर दी जाय। वेण्डर्स को निर्देश दिया गया कि सभी स्वीकृत लाभार्थियों की सूची को अतिशीघ्र पोर्टल पर अपलोड करते हुए संयंत्र स्थापना का कार्य पूर्ण किया जाय। डीएम ने परियोजना अधिकारी यूपीनेडा को निर्देश दिया कि योजना के अंतर्गत लाभान्धित उपभोवता की सफलता की कहानी तैयार कर प्रकाशित कराये जिससे आमजन भी प्रेरित हो सकें। विद्युत विभाग को निर्देश दिया गया कि स्थापित संयंत्रों का निरीक्षण एवं नेट मीटर/स्मार्ट मीटर से संबंधित कार्य को शीर्ष प्राथमिकता के आधार पर पूर्ण कराया जाय।
इस अवसर पर अपर जिलाधिकारी, जिला विकास अधिकारी, अधीक्षण अभियन्ता विद्युत, वरिष्ठ परियोजना अधिकारी यूपी नेडा, उपायुक्त उद्योग, जिला अग्रणी प्रबन्धक, जिला पंचायत राज अधिकारी, अधिशासी अभियन्ता विद्युत बहराइच, सहायक अभियन्ता विद्युत मीटर, जिला समन्वयक सहित वेंडर्स व अन्य सम्बन्धित मौजूद रहे।
