सड़क पर जलभराव से महिला की मौत, ग्रामीणों में आक्रोश ।
Oplus_16908288
सड़क पर जलभराव से महिला की मौत, ग्रामीणों में आक्रोश ।
संत कबीर नगर –
संत कबीर नगर में सरयू नहर से रिसाव के कारण सिहटीकर-बौरव्यास मार्ग पर घुटने भर पानी भर गया है। इस मार्ग पर बड़े वाहनों का आवागमन पूरी तरह रुक गया है। इसी जलभराव की वजह से एक दुर्घटना में 38 वर्षीय पुष्पा देवी की मौत हो गई। शुक्रवार सुबह पुष्पा अपने बेटे के साथ बाइक पर सवार होकर घर से निकली थी। सिहटीकर चौराहे के पास जलभराव वाले हिस्से में बाइक अनियंत्रित होकर गिर गई।
घायल पुष्पा को पहले जिले के एक निजी अस्पताल में भर्ती कराया गया। प्राथमिक उपचार के बाद डॉक्टरों ने उन्हें लखनऊ के केजीएमसी रेफर कर दिया। वहां इलाज के दौरान देर शाम उनकी मौत हो गई।मौत की खबर के बाद ग्राम प्रधान श्याम बहादुर सिंह के नेतृत्व में दर्जनों ग्रामीणों ने प्रदर्शन किया। उन्होंने सरयू नहर विभाग और पीडब्ल्यूडी विभाग के खिलाफ नारेबाजी की। ग्रामीणों ने चेतावनी दी कि अगर जलभराव की समस्या का समाधान नहीं किया गया तो वे मुख्यालय पर धरना देंगे।पुष्पा अपने पीछे तीन बच्चे रवि (18), अमित (16) और लाली (10) को छोड़ गई हैं। उनके पति घर से दूर रहकर मजदूरी करते हैं। परिवार इस घटना से गहरे सदमे में है।
