काम पर नही पहुंच रहे मजदूर, कागजो में पूरी हो रही योजना

काम पर नही पहुंच रहे मजदूर, कागजो में पूरी हो रही योजना
हैंसर ब्लाक के ग्राम पंचायत सियर खुर्द, सेमरी में चल रहे मनरेगा कार्य मे फर्जीवाड़ा
संतकबीर नगर- धनघटा। हैंसर ब्लाक में मनरेगा के तहत ग्राम पंचायतों में फर्जीवाड़े का मामला जारी है। काम पर मजदूर नही दिख रहे है लेकिन कागजो में योजना पूरी की जा रही है। धन की बंदरबांट का खेल जारी है। जिम्मेदार अधिकारी भी फर्जीवाड़े की सुधि नही ले रहे है।
हैंसर ब्लाक क्षेत्र के ग्राम पंचायत सियर खुर्द में बड़े पैमाने पर फर्जीवाड़े का खेल चल रहा है। यहां जमीन पर नही बल्कि कागजो में मनरेगा के कार्य पूरे किए जा रहे है। शुक्रवार को चार प्रोजेक्टों पर कार्य कागजो में चल रहा था। राम नवल के झोपड़ी से पोखरे तक चक मार्ग, पिच सड़क से पारस नाथ के खेत तक चक मार्ग पर मिट्टी कार्य, पिच सड़क से केशर के खेत तक चक मार्ग पर मिट्टी कार्य व दुघरा में अमृत सरोवर के उत्तर पोखरे की खुदाई व सफाई का कार्य कागजो में चल रहा है। प्रतिदिन यहां 154 मजदूर कागज में काम कर रहे है। लेकिन धरातल ओर एक भी मजदूर कार्य नही कर रहे है।
यह मजदूर गांव के किस कोने में काम कर रहे है यह किसी को नही मालूम है। सियर खुर्द में बड़े पैमाने पर मनरेगा में फर्जीवाड़ा का खेल चल रहा है। सीडीओ जयकेश त्रिपाठी ने बताया कि जिले में ऐसी ग्राम पंचायतों को चिन्हित किया गया है। जल्द ही मनरेगा की जांच होगी।
फर्जीवाड़े का मामला सेमरी में भी देखने को मिल रहा है। यहां मनरेगा के तहत चार परियोजनाओं पर कार्य किया जा रहा है। लेकिन धरातल पर मजदूर नही दिख रहे है। यहां राम बृक्ष के घर के सामने स्थित तालाब के साफ सफाई कार्य कागजो में चल रहा है। कागजो में 226 मजदूर काम कर रहे है लेकिन धरातल पर मजदूर गायब है।
इस संबन्ध में पूछे जाने पर बीडीओ राम प्रताप पांडेय ने बताया कि इसकी वह स्वयं जांच करेंगे। यदि मामला सही मिला तो मस्टररोल शून्य कर संबंधित ग्राम पंचायत के खिलाफ सख्त कार्रवाई की जाएगी।