भाजपा नेता ने एक बार फिर उठाया बखिरा नगर पंचायत के गुणवत्ता विहीन निर्माण पर सवाल
भाजपा नेता ने एक बार फिर उठाया बखिरा नगर पंचायत के गुणवत्ता विहीन निर्माण पर सवाल
-लाख टके का सवाल क्यों मौन हैं जिम्मेदार अधिकारी

बखिरा , संत कबीर नगर । भय व भ्रष्टाचार मुक्त प्रदेश का भाजपा सरकार लगातार दावा कर रही है । इसके लिए सरकार सतत प्रयत्नशील भी है । इसके बावजूद भी भ्रष्टाचार पर अंकुश नहीं लग पा रहा है । बखिरा नगर पंचायत के गुणवत्ता विहीन विकास कार्यों को लेकर लगातार सवाल उठाए जाते रहे हैं । परन्तु भ्रष्टाचार पर अंकुश नहीं लग पा रहा है । भाजपा नेता डाक्टर हरिओम बख्शी ने एक बार पुनः नगर पंचायत के भ्रष्टाचार की पोल खोलते हुए आन्दोलन की चेतावनी दी । आखिर वह कौन सा कारण है जो जिला प्रशासन मामले में चुप्पी साधे हुए है ।
नगर पंचायत के भाजपा के अध्यक्ष पद के प्रत्याशी रहे व वरिष्ठ भाजपा नेता डाक्टर हरिओम बख्शी ने एक बार पुनः नगर पंचायत के भ्रष्टाचार पर सवाल खड़ा किया । उनका कथन है कि वह नगर पंचायत के भ्रमण पर थे । नगर पंचायत कार्यालय तक जाने वाली सड़क का बमुश्किल छः माह पहले निर्माण हुआ है । इसके गुणवत्ता का हाल यह है कि सड़क बीच में फट गई । इसके पहले बीते 21 मई को भाजपा नेता ने नगर पंचायत के विभिन्न मोहल्ले जैसे तिलाठी के पोखरे के सुन्दरीकरण में प्रयोग हो रहे घटिया सामग्री , बाल मजदूरी समेत अन्य विकास कार्यों पर सवाल उठाया था । इसके बावजूद नगर पंचायत से लेकर जिम्मेदार प्रशासनिक अधिकारी चुप्पी साधे हुए हैं । उन्होंने चेतावनी दिया कि भ्रष्टाचार में संलिप्त अधिकारियों के विरुद्ध आन्दोलन किया जाएगा । इसके अलावा नगर पंचायत के भ्रष्टाचार के संबंध में तथा सरकार की छवि धूमिल कर रहे जिम्मेदार अधिकारियों के विरुद्ध मुख्यमंत्री को भी अवगत कराया जाएगा ।