45 डिग्री की भीषण गर्मी में बशीरगंज की बिजली व्यवस्था बेपटरी, रातभर जागने को मजबूर लोग
ब्यूरो चीफ – दिलशाद अहमद
आज का भारत लाइव
बहराइच।
जनपद में लगातार बढ़ रही भीषण गर्मी ने लोगों का जनजीवन अस्त-व्यस्त कर दिया है। तापमान 45 डिग्री के पार पहुंचने के बीच शहर के बशीरगंज मोहल्ले में बिजली व्यवस्था पूरी तरह चरमरा गई है। अघोषित कटौती, लो-वोल्टेज और बार-बार ट्रिपिंग से मोहल्लेवासियों को भारी परेशानियों का सामना करना पड़ रहा है। हालात ऐसे हैं कि लोग रातभर जागकर समय बिताने को मजबूर हैं।स्थानीय लोगों के अनुसार पिछले तीन-चार दिनों से बिजली आपूर्ति बदहाल बनी हुई है। रात के समय घंटों बिजली गायब रहती है और सप्लाई आने पर भी कुछ ही देर में ट्रिपिंग शुरू हो जाती है। गर्मी और उमस के कारण छोटे बच्चे, बुजुर्ग और महिलाएं सबसे अधिक प्रभावित हो रहे हैं। लगातार नींद पूरी न होने से लोगों में चिड़चिड़ापन और स्वास्थ्य संबंधी समस्याएं भी बढ़ने लगी हैं।
पढ़ाई पर पड़ा सीधा असर –
बिजली संकट का सबसे बड़ा असर छात्र-छात्राओं की पढ़ाई पर देखने को मिल रहा है। प्रतियोगी परीक्षाओं की तैयारी कर रहे छात्र वेदान्त श्रीवास्तव ने बताया कि रातभर बिजली न रहने से पढ़ाई पूरी तरह प्रभावित हो रही है। बिना नींद के दिन में पढ़ाई करना मुश्किल हो गया है।वहीं बीएससी द्वितीय सेमेस्टर के छात्र वंश रस्तोगी ने बताया कि 29 मई से उनकी परीक्षाएं शुरू होने वाली हैं, लेकिन लगातार बिजली कटौती के कारण तैयारी बाधित हो रही है। हाईस्कूल की छात्रा वंशिका ने कहा कि पंखा या अन्य उपकरण चालू करते ही बिजली ट्रिप हो जाती है, जिससे पढ़ाई और आराम दोनों प्रभावित हो रहे हैं।
ओवरलोडिंग और जर्जर व्यवस्था बनी समस्या-
समाजसेवी सचिन श्रीवास्तव का कहना है कि क्षेत्र में बढ़ते लोड के मुकाबले बिजली व्यवस्था को मजबूत नहीं किया गया है। जर्जर तार, ट्रांसफार्मर पर बढ़ता दबाव और समय पर रखरखाव न होने के कारण आए दिन ट्रिपिंग की समस्या बनी रहती है।मोहल्लेवासियों ने जिला प्रशासन और बिजली विभाग के अधिकारियों से मांग की है कि बशीरगंज क्षेत्र की बिजली समस्या का तत्काल समाधान कराया जाए। लोगों ने जर्जर तार बदलने, ट्रांसफार्मर क्षमता बढ़ाने और निर्बाध बिजली आपूर्ति सुनिश्चित करने की मांग उठाई है, ताकि भीषण गर्मी में लोगों को राहत मिल सके और छात्रों की पढ़ाई प्रभावित न हो।
