विवादित उपनिबन्धन कार्यालय को लेकर अधिवक्ताओं का प्रदर्शन !
धनघटा – सन्तकबीर नगर !
धनघटा में विवादित भूमि पर उपनिबन्धन कार्यालय स्थापित किये जाने के प्रयास को लेकर अधिवक्ताओं ने शनिवार को धनघटा तहसील में प्रदर्शन किया।
तहसील बार एसोसिएशन के अध्यक्ष दिलीप राय एवं पूर्व अध्यक्ष लाल शरण सिंह, हनुमान चौधरी के नेतृत्त्व में अधिवक्ताओं ने प्रशासन के खिलाफ नारेबाजी करते हुए कहा कि किसी भी कीमत में दान में मिली विवादित भूमि पर उपनिबंधक कार्यालय स्वीकार नही किया जाएगा।
प्रदर्शन में शामिल एसोसिएशन के अध्यक्ष दिलीप राय व पूर्व तहसील अध्यक्ष लाल शरण सिंह ने कहा कि विवादित स्थल पर उपनिबन्धन कार्यालय को शिफ्ट करने का प्रयास किया जा रहा है। कहा कि पिछले दिनों अधिवक्ताओं का प्रतिमंडल अपर जिला अधिकारी से मिलकर बताया कि उपनिबन्धन कार्यालय तहसील परिसर में शिफ्ट करने के बजाय दान में मिली मानक विहीन विवादित जमीन (28×194 फिट) में स्थापित किये जाने का प्रयास किया जा रहा है। उक्त विवादित भूमि का वाद सिविल कोर्ट में विचाराधीन है। अधिवक्ताओं ने कहा कि विवादित भूमि पर पुनः नक्शा बनाकर उपनिबन्धन कार्यालय शिफ्ट करने का प्रयास गैर कानूनी है। इस प्रयास से अधिवक्ता आक्रोशित है। कहा कि यदि उपनिबन्धन कार्यालय को विवादित दान की भूमि में बनाने का प्रयास किया गया तो अधिवक्ताओं का संघर्ष तहसील से लेकर जिले तक छेड़ा जाएगा। जिसकी जिम्मेदारी शासन प्रशासन की होगी। अधिवक्ताओं ने कहा कि तहसील परिसर में उपनिबंधन कार्यालय बन चुका है जिसका लोकार्पण भी हो चुका है। ऐसी स्थिति में उपनिबंधन कार्यालय या तो तहसील परिसर में शिफ्ट किया जाय या पुराने बाढ़ शरणालय के निकट खाली पड़ी भूमि पर निर्माण कराया जाय।
इस अवसर पर वरिष्ठ उपाध्यक्ष पीयूष पाल, महामंत्री मिठाई लाल, राधे श्याम मौर्य, सुनील पांडेय, सविता त्रिपाठी, अभिमन्यु यादव, उदयभान, श्रवण सिंह चौहान, रामदरस, त्रिपुरेश पांडेय, गंगाराम, राम सुरेश आदि लोग मौजूद थे।
