संगठन को बूथ स्तर तक मजबूत करने और आगामी कार्यक्रमों की तैयारियों पर हुआ मंथन।
ब्यूरो चीफ – दिलशाद अहमद
आज का भारत लाइव
रिसिया/बहराइच।
अपना दल (एस) मटेरा विधानसभा क्षेत्र की मासिक बैठक का आयोजन सोमवार, 10 अगस्त 2026 को ग्राम भोपतपुर चौकी में किया गया। बैठक की शुरुआत भारत रत्न डॉ. भीमराव आंबेडकर एवं अपना दल के संस्थापक स्व. सोनेलाल पटेल के चित्र पर पुष्प अर्पित कर एवं माल्यार्पण के साथ हुई। इसके बाद उपस्थित पदाधिकारियों एवं कार्यकर्ताओं ने महापुरुषों के विचारों को आत्मसात करते हुए संगठन को मजबूत बनाने का संकल्प लिया।
बैठक की अध्यक्षता राम मोहन पटेल ने की। कार्यक्रम में मटेरा विधानसभा के प्रभारी हामिद रजा मुख्य अतिथि तथा इंजीनियर अविनाश शाहू विशिष्ट अतिथि के रूप में मौजूद रहे। अतिथियों एवं पदाधिकारियों ने संगठन की आगामी रणनीति, विधानसभा क्षेत्र में पार्टी की गतिविधियों को गति देने तथा कार्यकर्ताओं को बूथ स्तर तक सक्रिय करने को लेकर विस्तार से चर्चा की।

बैठक में अपना दल (एस) अल्पसंख्यक अध्यक्ष शकील अहमद, अर्जुन प्रताप, राम सुहावन, राम सुदर्शन, विधानसभा अध्यक्ष महिला मंच रेखा पटेल, अखिलेश साहू, शिव कुमार, विनय कुमार वर्मा, दिलेराम सहित बड़ी संख्या में पदाधिकारी एवं कार्यकर्ता मौजूद रहे।
वक्ताओं ने कहा कि संगठन की मजबूती कार्यकर्ताओं की सक्रियता से ही संभव है। इसके लिए प्रत्येक बूथ और सेक्टर स्तर पर कार्यकर्ताओं के बीच बेहतर समन्वय स्थापित कर पार्टी की नीतियों एवं कार्यक्रमों को जनता तक पहुंचाने पर जोर दिया गया।
बैठक के दूसरे चरण में आगामी संगठनात्मक कार्यक्रमों की तैयारियों पर चर्चा हुई। कार्यकर्ताओं को संगठनात्मक गतिविधियों में सक्रिय भूमिका निभाने तथा हर बूथ को मजबूत बनाने के लिए आवश्यक दिशा-निर्देश दिए गए।
बैठक के दौरान सेक्टर रामपुरकला एवं सेक्टर भोपतपुर से जुड़े पदाधिकारियों और कार्यकर्ताओं की जिम्मेदारियों को लेकर भी चर्चा की गई। कार्यक्रम के दौरान कार्यकर्ताओं में उत्साह देखने को मिला।
