राष्ट्रीय पत्रकार महासभा का भव्य सम्मान एवं संवाद कार्यक्रम संपन्न
ब्यूरो चीफ – दिलशाद अहमद
आज का भारत लाइव
बहराइच।
राष्ट्रीय पत्रकार महासभा की जिला इकाई द्वारा शनिवार को अदनान कॉम्प्लेक्स स्थित होटल ग्रांड पैलेस में भव्य सम्मान एवं संवाद कार्यक्रम का आयोजन किया गया। कार्यक्रम में प्रशासन, पुलिस एवं परिवहन विभाग के वरिष्ठ अधिकारियों की गरिमामयी उपस्थिति रही। बड़ी संख्या में पत्रकारों एवं संगठन के पदाधिकारियों की सहभागिता ने आयोजन को ऐतिहासिक स्वरूप प्रदान किया।

कार्यक्रम का आयोजन राष्ट्रीय पत्रकार महासभा के जिला अध्यक्ष अमरनाथ पांडे के नेतृत्व तथा संगठन के संरक्षक सलमान साहिल के संरक्षण में किया गया। मुख्य अतिथि के रूप में सिटी मजिस्ट्रेट तथा विशिष्ट अतिथि के रूप में देवीपाटन परिक्षेत्र के डीआईजी अशोक कुमार शुक्ला, सीओ सिटी नारायण दत्त मिश्र, एआरटीओ प्रशासन एवं प्रवर्तन सुशील कुमार एवं पीटीओ अवधराज गुप्ता उपस्थित रहे। सभी अतिथियों का पुष्पगुच्छ एवं माल्यार्पण कर भव्य स्वागत किया गया।

अपने संबोधन में सिटी मजिस्ट्रेट ने लोकतंत्र में पत्रकारों की महत्वपूर्ण भूमिका की सराहना करते हुए कहा कि निष्पक्ष पत्रकारिता समाज और शासन के बीच विश्वास का मजबूत माध्यम है। इस अवसर पर उन्होंने एक मधुर गीत भी प्रस्तुत किया, जिसकी उपस्थित जनों ने तालियों की गड़गड़ाहट के साथ सराहना की।
कार्यक्रम को संबोधित करते हुए डीआईजी अशोक कुमार शुक्ला ने कहा, “अगर पुलिस अस्पताल है तो पत्रकार उसकी ऑक्सीजन हैं। बिना ऑक्सीजन के जिस तरह मरीज को नहीं बचाया जा सकता, उसी तरह समाज की सच्चाई और व्यवस्था को मजबूत बनाने में पत्रकारों की भूमिका भी उतनी ही महत्वपूर्ण है। हमें कंधे से कंधा मिलाकर कार्य करना होगा, तभी समाज में छिपी बुराइयों और अपराधों पर प्रभावी अंकुश लगाया जा सकेगा।”

एआरटीओ सुशील कुमार एवं पीटीओ अवधराज गुप्ता ने भी पत्रकारों की निष्पक्ष एवं जिम्मेदार भूमिका की सराहना करते हुए उन्हें लोकतंत्र का सशक्त स्तंभ बताया।
कार्यक्रम में जिला उपाध्यक्ष विनय रस्तोगी, तौहीद अहमद, जिला संगठन मंत्री सूरज कुमार तिवारी, राजेश श्रीवास्तव, जियाउद्दीन अंसारी, अल्ताफ, कलीम अब्बासी, नौशाद, दिलशाद अहमद, जुनेद बेग सहित बड़ी संख्या में पत्रकार एवं संगठन के पदाधिकारी उपस्थित रहे।
अंत में सभी अतिथियों के प्रति आभार व्यक्त किया गया। कार्यक्रम ने प्रशासन, पुलिस और पत्रकारिता के बीच बेहतर समन्वय, पारस्परिक सम्मान एवं जनहित में साझा जिम्मेदारी का सशक्त संदेश दिया।
