पेड़ की डाल से लटकता मिला युवक का शव ।
धनघटा, सन्तकबीर नगर।
धनघटा थाना क्षेत्र के बभनौली गांव में सोमवार की शाम एक अधेड़ युवक का शव गांव के पश्चिम स्थित तालाब के किनारे पेड़ की डाल में रस्सी के फंदे से लटकता मिला। पेड़ से लटक रहे शव को देख गांव में हड़कम्प मच गया। सूचना पर पहुंची पुलिस ने शव को कब्जे में लेकर पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया।
जानकारी के अनुसार बभनौली निवासी लक्ष्मण (35) पुत्र तुफानी सोमवार की शाम करीब पांच बजे गांव के पश्चिम स्थित तालाब के किनारे एक पेड़ की टहनी से गले में रस्सी के सहारे लटका मिला। शव देख ग्रामीणों में हड़कंप मच गया। ग्रामीणों की सूचना पर पुलिस मौके पर पहुंची और शव को नीचे उतरवाया।
ग्रामीणों के मुताबिक मृतक सोमवार को दोपहर करीब तीन बजे तक गांव में घूमता-फिरता दिखाई दिया था।इसके बाद वह घर से यह कहकर निकला कि वह बभनौली चौराहे की ओर सब्जी खरीदने जा रहा है। लेकिन करीब दो घंटे बाद उसका शव तालाब के किनारे पेड़ से लटकता हुआ मिला।
मृतक अपने पीछे पत्नी निरमा तथा दो पुत्रों आर्यन (7 वर्ष) और रेयांश (4 वर्ष) को छोड़ गया है। घटना की जानकारी मिलते ही परिवार में कोहराम मच गया। पत्नी निरमा बच्चों के साथ रो-रोकर बेहाल हो गई।
ग्रामीणों के अनुसार मृतक शराब पीने का आदी था। उसकी पत्नी पंजाब में रहकर नौकरी करती है और कुछ दिन पहले ही अपने घर बभनौली आई थी। मृतक घर पर ही रहता था।
पुलिस का कहना है कि शव को पोस्टमार्टम के लिए भेजा जा रहा है। पोस्टमार्टम रिपोर्ट आने के बाद ही मौत के वास्तविक कारणों का पता चल सकेगा। पुलिस मामले की जांच में जुटी हुई है।
