नारी शक्ति वंदन अधिनियम पर जागरूकता कार्यक्रम आयोजित।
Oplus_131072
संतकबीर नगर।
जनपद के गंगा देवी कपिल देव तिवारी पीजी कॉलेज, भुजैनी में शुक्रवार को राष्ट्रीय सेवा योजना (एनएसएस) की राष्ट्रीय सेवा योजना की स्वामी विवेकानंद एवं सरदार वल्लभभाई पटेल इकाइयों के संयुक्त तत्वावधान में नारी शक्ति वंदन अधिनियम 2023 के प्रचार-प्रसार के संदर्भ में जागरूकता कार्यक्रम का आयोजन किया गया।
कार्यक्रम की शुरुआत महिला स्वयंसेवियों द्वारा मानव श्रृंखला बनाकर की गई, जिससे समाज में महिला सशक्तिकरण का सशक्त संदेश दिया गया। इसके बाद आयोजित संगोष्ठी में महाविद्यालय के प्राचार्य डॉ. संतोष कुमार सिंह ने स्वयंसेवियों को संबोधित करते हुए कहा कि 16 से 18 अप्रैल तक आयोजित विशेष संसद सत्र महिला सशक्तिकरण की दिशा में ऐतिहासिक कदम है और यह अधिनियम देश में महिलाओं की भागीदारी को नई ऊंचाई प्रदान करेगा।
स्वामी विवेकानंद इकाई के कार्यक्रम अधिकारी डॉ. रंगनाथ तिवारी ने कहा कि किसी भी समूह का राजनीतिक प्रतिनिधित्व कम होने पर उसकी नीति निर्माण में भागीदारी सीमित रह जाती है, इसलिए यह कानून महिलाओं को समान अवसर दिलाने में महत्वपूर्ण भूमिका निभाएगा।
महाविद्यालय की प्रवक्ता श्रीमती पूजा पुष्पांजलि ने अपने संबोधन में कहा कि इस अधिनियम के लागू होने से शासन और नीति निर्माण में महिलाओं की भागीदारी अब केवल प्रतीकात्मक नहीं बल्कि निर्णायक होगी, जो विकसित भारत 2047 के लक्ष्य को प्राप्त करने में सहायक सिद्ध होगी।
इस अवसर पर श्रीमती शशि चौधरी एवं श्रीमती विनीता प्रजापति ने भी अपने विचार व्यक्त करते हुए अधिनियम की महत्ता पर प्रकाश डाला। वहीं, सरदार वल्लभभाई पटेल इकाई के कार्यक्रम अधिकारी डॉ. विनीत कुमार गौड़ ने अधिनियम के तकनीकी पहलुओं की जानकारी देते हुए बताया कि महिला आरक्षण प्रारंभिक रूप से 15 वर्षों के लिए लागू होगा, जिसे आगे संसद द्वारा बढ़ाया जा सकता है।
कार्यक्रम का संचालन हरिशंकर शुक्ला ने किया। इस दौरान महाविद्यालय के प्राध्यापकगण एवं राष्ट्रीय सेवा योजना के स्वयंसेवी बड़ी संख्या में उपस्थित रहे।
