महा-अलर्ट पर संतकबीर नगर पुलिस ! मुहर्रम से पहले ASP का कड़ा अल्टीमेटम—’माहौल बिगाड़ा तो खैर नहीं!
बखिरा में पीस कमेटी की बैठक में पुलिस के तेवर सख्त: नई परंपरा शुरू की या अफवाह फैलाई, तो सीधे जाओगे जेल ।
संत कबीर नगर।
आगामी मुहर्रम त्योहार को लेकर संतकबीरनगर पुलिस पूरी तरह एक्शन मोड में आ चुकी है! जिले में शांति व्यवस्था को चुनौती देने वालों और हुड़दंगियों के मंसूबों को नाकाम करने के लिए पुलिस प्रशासन ने अपनी कमर कस ली है। पुलिस अधीक्षक संदीप कुमार मीना के कड़े और कुशल निर्देशन में, अपर पुलिस अधीक्षक सुशील कुमार सिंह खुद मैदान में उतर चुके हैं।
बखिरा थाना अंतर्गत बखिरा पुलिस चौकी परिसर में आज उस वक्त हड़कंप मच गया जब ASP ने क्षेत्र के संभ्रांत नागरिकों, धर्मगुरुओं और ताजियादारों के साथ एक ‘हाई-वोल्टेज’ शांति समिति (पीस कमेटी) की बैठक की। इस बैठक में ASP सुशील कुमार सिंह के तेवर बेहद सख्त नजर आए और उन्होंने दोटूक शब्दों में उपद्रवियों को खुली चेतावनी दे डाली।
ASP के ‘कड़े निर्देश’—जिसने भी तोड़ी लक्ष्मण रेखा, उस पर गिरेगी गाज !
गोष्ठी के दौरान अपर पुलिस अधीक्षक ने साफ और कड़े शब्दों में जो हिदायत दी है, उसने साफ कर दिया है कि पुलिस इस बार किसी भी तरह की ढिलाई के मूड में नहीं है:
नई परंपरा की तो सोचना भी मत !
ASP ने दोटूक कहा कि मुहर्रम का जुलूस और ताजिया सिर्फ और सिर्फ उन्हीं पारंपरिक रास्तों से निकलेगा जो पहले से तय हैं। किसी भी कीमत पर नया मार्ग या नई परंपरा शुरू करने की इजाजत नहीं होगी। अगर किसी ने जबरन रास्ता बदलने की कोशिश की, तो पुलिस सख्त एक्शन लेगी।
सोशल मीडिया पर ‘तीसरी आंख’ का पहरा !
सावधान! अगर आपने बिना सोचे-समझे सोशल मीडिया पर कोई भ्रामक, भड़काऊ या सांप्रदायिक पोस्ट शेयर या फॉरवर्ड की, तो आपके घर पुलिस का पहुंचना तय है। पुलिस की सोशल मीडिया सेल चौबीसों घंटे पैनी नजर रख रही है। अफवाह फैलाने वालों को सीधे सलाखों के पीछे भेजा जाएगा।
ताजिया की ऊंचाई पर सख्त पहरा !
हादसों को रोकने के लिए ताजियादारों को कड़े निर्देश दिए गए हैं कि ताजिया की ऊंचाई निर्धारित मानकों के अंदर ही होनी चाहिए, ताकि बिजली के तारों से कोई दुर्घटना न हो। प्रशासन विद्युत विभाग के साथ मिलकर रूट दुरुस्त करा रहा है।

हुड़दंगियों को आखिरी चेतावनी!
माहौल बिगाड़ने की साजिश रचने वाले शरारती तत्वों और हुड़दंगियों को चेतावनी देते हुए कहा गया कि कानून व्यवस्था से खिलवाड़ करने वाले को बख्शा नहीं जाएगा। ऐसे तत्वों के खिलाफ वो दंडात्मक कार्रवाई होगी जो मिसाल बनेगी।
जनता से अपील: भाईचारे से मनाएं त्योहार, पुलिस है आपके साथ ।
ASP ने सभी से अपील की है कि त्योहार को आपसी सौहार्द और गरिमा के साथ मनाएं। अगर आसपास कोई भी संदिग्ध गतिविधि या असामाजिक तत्व दिखे, तो उसकी सूचना तुरंत पुलिस को दें। पुलिस जनता की सुरक्षा के लिए २४ घंटे मुस्तैद है।
इस बेहद अहम और संवेदनशील बैठक के दौरान बखिरा थानाध्यक्ष उमाशंकर त्रिपाठी, चौकी प्रभारी ददन राय समेत भारी संख्या में क्षेत्र के ताजियादार, संभ्रांत नागरिक और भारी पुलिस बल मौजूद रहा। पुलिस के इस सख्त रुख से साफ है कि शांति व्यवस्था से खिलवाड़ करने वालों की अब खैर नहीं!
