हर घर तिरंगा’ अभियान के तहत पूर्व चेयरमैन नूरुज्जमा अंसारी ने शुरू किया झंडा वितरण, लोगों से सम्मान के साथ तिरंगा फहराने की अपील।
संत कबीर नगर- मगहर।
स्वतंत्रता दिवस के राष्ट्रीय पर्व के अवसर पर देश के प्रधानमंत्री ने पूरे देश में 9अगस्त से15 अगस्त तक हर घर तिरंगा लहराने का आह्वाहन किया है।जिसके क्रम में सोमवार को नगर पंचायत के पूर्व चेयरमैन नूरुज्जमा अंसारी ने हर घर तिरंगा अभियान के झण्डा वितरण का शुभारंभ किया। झण्डे को हर घर पर लगाने का उद्देश्य जन-जन तक राष्ट्रप्रेम की भावना को जगाना है। इस दौरान उन्होंने लोगों को राष्ट्रीय ध्वज वितरित करते हुए अपने-अपने घरों पर सम्मानपूर्वक तिरंगा फहराने की अपील की।

कार्यक्रम के दौरान पूर्व चेयरमैन नूरुज्जमा अंसारी ने कहा कि तिरंगा देश की आन, बान और शान का प्रतीक है। स्वतंत्रता दिवस केवल एक पर्व नहीं, बल्कि देश की आजादी के लिए अपने प्राणों की आहुति देने वाले वीर शहीदों और स्वतंत्रता सेनानियों को याद करने का अवसर भी है। उन्होंने कहा कि हर घर तिरंगा अभियान के माध्यम से लोगों में राष्ट्रप्रेम और राष्ट्रीय एकता की भावना को और मजबूत किया जा रहा है।उन्होंने नगरवासियों से अपील करते हुए कहा कि 15 अगस्त को अपने घरों, प्रतिष्ठानों और आसपास के स्थानों पर पूरे सम्मान के साथ राष्ट्रीय ध्वज फहराएं। साथ ही ध्वज संहिता का पालन करते हुए तिरंगे की गरिमा और सम्मान बनाए रखें।नगर में लगभग 4248 मकान हैं जब की प्रशासन से 3500 तिरंगा झण्डा वितरण के लिए मिला है।फिर भी उनका प्रयास होगा कि नगर में कोई भी घर तिरंगा लहराने से वंचित न होने पाए।इस मौके पर सभासद अवधेश सिंह,पूर्व सभासद मो असअद अंसारी,सुहेल अख्तर, बदरुद्दीन अंसारी,रईस आलम,सुरेश कुमार नाटे,रईस आदि लोग मौजूद रहे।
