डीएम व एसपी ने घाघराघाट व चहलारीघाट का किया निरीक्षण ।
रिपोर्ट – दिलशाद अहमद
बहराइच 18 अप्रैल।
तहसील महसी में आयोजित सम्पूर्ण समाधान दिवस के पश्चात जिलाधिकारी अक्षय त्रिपाठी ने पुलिस अधीक्षक विश्वजीत श्रीवास्तव के साथ बहराइच-सीतापुर मार्ग पर स्थित चहलारीघाट सेतु का निरीक्षण किया। बहराइच-लखनऊ मार्ग पर घाघरा नदी पर निर्मित संजय सेतु की मारम्मत तथा पान्टून पुल से भारी वाहनों के गुज़रने पर प्रतिबन्ध के कारण बहराइच सीतापुर मार्ग पर वाहनों की संख्या में बढ़ोत्तरी हुई है।
उल्लेखनीय है कि जिलाधिकारी ने पुलिस अधीक्षक व अन्य अधिकारियों के साथ शुक्रवार को देर शाम घाघराघाट का भ्रमण कर संजय सेतु की मरम्मत तथा छोटे वाहनों के आवागमन के लिए वैकल्पिक व्यवस्था के तौर निर्मित किये गये पान्टून पुल का निरीक्षण कर मौके पर मौजूद अधिकारियों को आवश्यक दिशा निर्देश दिये थे। डीएम ने सभी सम्बन्धित अधिकारियों को निर्देश दिया कि पान्टून पुल पर वाहनों के आवागमन में आमजन में किसी प्रकार की असुविधा न हो। डीएम ने सुरक्षा के दृष्टिगत पर्याप्त प्रकाश व्यवस्था तथा एप्रोच मार्गों पर उड़ने वाली धूल से राहत देने के लिए पानी का छिड़काव कराते रहने के निर्देश दिये।

डीएम ने निर्देश दिया कि किसी आपातिक स्थिति से निपटने के लिए चिकित्सक दल के साथ एम्बुलेन्स, तकनीकी समस्याओं के समाधान के लिए लोक निर्माण विभाग की टीम, आपदा प्रबन्धन बल के साथ साथ पुलिस एवं ट्रैफिक कर्मियों की तैनाती करने के निर्देश दिये। संजय सेतु पर आनगोईंग मरम्मत कार्य का निरीक्षण करते हुए डीएम ने राष्ट्रीय राजमार्ग प्राधिकरण के अधिकारियों को निर्देश दिया कि कार्यों में किसी प्रकार की लापरवाही न की जाये बल्कि निर्धारित मानक व गुणवत्ता के साथ समय से कार्यों को पूर्ण करायें।
इस अवसर पर अपर जिलाधिकारी अमित कुमार, अपर पुलिस अधीक्षक नगर आयुष विक्रम सिंह, उप जिलाधिकारी कैसरगंज अखिलेश कुमार सिंह, पुलिस क्षेत्राधिकारी डी.के. श्रीवास्तव, अधि.अभि. लो.नि.वि. अमर सिंह सहित जनपद बहराइच व बाराबंकी के अन्य अधिकारी मौजूद रहे।
