भाकियू (भानु) ने किसानों की समस्याओं को लेकर DM को सौंपा ज्ञापन।
यूरिया, सम्मान निधि और बिजली समेत 7 सूत्रीय मांगों पर कार्रवाई की मांग।
ब्यूरो रिपोर्ट- के0 पी0 मौर्य
संतकबीर नगर- आज दिनांक 27 जून 2026 को भारतीय किसान यूनियन (भानु) के पदाधिकारियों ने शनिवार को खलीलाबाद स्थित अपर उप जिलाधिकारी कलेक्ट्रेट को किसानों की विभिन्न समस्याओं को लेकर सात सूत्रीय ज्ञापन सौंपा।
संगठन ने आरोप लगाया कि जिले में किसानों का शोषण हो रहा है और प्रशासन से तत्काल हस्तक्षेप की मांग की गई है।
राष्ट्रीय महासचिव रणजीत सिंह ने आरोप लगाया कि यूरिया खाद के साथ किसानों को जबरन जिंक व अन्य उत्पाद खरीदने के लिए मजबूर किया जा रहा है, जिससे निर्धारित मूल्य से अधिक वसूली हो रही है। उन्होंने निजी स्वयं सहायता समूहों द्वारा महिलाओं से अधिक ब्याज वसूले जाने तथा गैस सिलेंडर, पशु और आभूषण बेचवाने जैसे गंभीर आरोप भी लगाए। ज्ञापन में मगहर दुर्गा मंदिर चौराहे पर डिवाइडर से आवागमन में हो रही परेशानी दूर करने, पात्र किसानों को किसान सम्मान निधि का लाभ दिलाने और पशुओं से फसलों की सुरक्षा के लिए स्थायी व्यवस्था करने की मांग की गई।
इसके अतिरिक्त, किसानों को 24 घंटे निर्बाध बिजली आपूर्ति सुनिश्चित करने और भ्रष्टाचार पर प्रभावी कार्रवाई करने की भी मांग शामिल थी। श्री सिंह ने चेतावनी दी कि यदि किसानों की समस्याओं का शीघ्र समाधान नहीं किया गया तो संगठन आंदोलन करने के लिए बाध्य होगा। ज्ञापन देने वालों में पूर्वांचल अध्यक्ष राम नयन, जिला प्रवक्ता सूरज श्रीवास्तव, तहसील अध्यक्ष खलीलाबाद जयपाल मौर्य, ब्लॉक उपाध्यक्ष रामप्रीत चौहान, विश्म्भर निषाद, विजय बहादुर चौहान, हरिओम चौहान, राजेश यादव, धर्मेंद्र चौहान सहित अन्य पदाधिकारी व कार्यकर्ता शामिल रहे।
